सिटी में बुधवार को दिन में तीखी धूप और उमस रही, जिससे दोपहर 2 बजे पारा 34 डिग्री तक पहुंच गया। गर्मी में क्षतिग्रस्त सड़कों की धूल और वाहनों के धुएं के कारण एक्यूआई खराब बना है। मौसम विभाग के अनुसार वीरवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। उधर, मौसम विभाग ने अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, पठानकोट, रूपनगर, एसबीएस नगर, तरनतारन, मोहाली में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना भी जताई है। जालंधर में अगले सात दिन बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 11 अगस्त तक अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। जालंधर में 7 से 9 अगस्त तक मौसम लगभग एक समान बना रहेगा। इन दिनों अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री और न्यूनतम 26 से 27 डिग्री के बीच रहेगा। आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढंका रहेगा और एक-दो बार बारिश या गरज-चमक की संभावना है।


