भास्कर न्यूज | जांजगीर जिले में मौसम का मिजाज इन दिनों मिला‑जुला बना हुआ है। सुबह हल्की धुंध और कोहरे के बाद अब आसमान साफ हो गया है और तेज धूप खिलने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 24 घंटों के दौरान तापमान में उतार‑चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे दिन में हल्की गर्मी का एहसास हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रहा, जिससे अलसुबह ठंड महसूस की गई। उत्तर‑पूर्वी दिशा से 8 से 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रहीं। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण देर रात से तापमान में गिरावट हो सकती है। इससे ग्रामीण इलाकों में ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। बदलते मौसम की वजह से सर्दी‑खांसी और मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से एक बार फिर ठंडी हवाओं का असर देखा जा रहा है। हालांकि यह सिस्टम कमजोर हो चुका है। इसके चलते अगले दो दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि जनवरी के अंतिम सप्ताह में तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा सकती है।


