दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अवैध वसूली;VIDEO:टोलकर्मी बोले-आप अलाऊ नहीं, RTO इंस्पेक्टर बोलीं-रुपए आप ही ले सकते हैं क्या?

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर वाहनों का चालान काटने पर परिवहन विभाग के कार्मिक और टोल कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। टोल कर्मियों ने आरोप लगाया कि परिवहन विभाग के कार्मिक एक्सप्रेसवे पर आकर वाहनों के कागज चेक कर रहे हैं और चालान कर रहे हैं, जो कि गलत है। इस पर परिवहन विभाग के कार्मिकों ने बताया कि उन्हें उच्च अधिकारियों के निर्देश हैं कि ओवरलोड वाहनों के चालान की कार्रवाई की जा सकती है और उन्होंने तीन ओवरलोड वाहनों के चालान किए हैं। घटना दौसा के लालसोट क्षेत्र की है, जिसका शनिवार को एक वीडियो सामने आया है। शुक्रवार सुबह करीब 11.30 बजे RTO इंस्पेक्टर मुक्ता वर्मा (सोनी) अपनी टीम के साथ लालसोट क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पहुंचीं। बड़ का पाड़ा टोल टैक्स से दो किलोमीटर दूर चैनेज नं. 227 के पास दोनों तरफ दो ट्रकों को रोककर कार्रवाई की जा रही थी। परिवहन विभाग का एक कर्मचारी रुके हुए ट्रक के पास खड़ा था, जबकि मुक्ता वर्मा समेत पांच कर्मचारी RTO की बोलेरो गाड़ी में बैठे थे। इस दौरान सड़क के दूसरी तरफ एक अन्य ट्रक के पास खड़े RTO कर्मचारी से टोलकर्मी ने कहा- पैसे क्यों ले रहे हो? RTO कर्मचारी ने जवाब दिया- पैसे नहीं ले रहे हैं, बिल्टी मांग रहा हूं। टोलकर्मी: एक्सप्रेसवे पर RTO अलाऊ नहीं है। आप अवैध वसूली कर रहे हो। RTO इंस्पेक्टर: कौन कर रहा है अवैध वसूली? टोलकर्मी: आप यहां अलाऊ नहीं हैं। कितना ही वीडियो बना लो, मेरे पास सबूत है। इस दौरान कार्रवाई को लेकर टोलकर्मी के सवाल पर एक अन्य RTO कर्मचारी ने कहा-ओवरलोड गाड़ी है, इसलिए रोक रखा है। आप मैडम से जाकर बात करो। टोलकर्मी: आपकी गाड़ी को क्यों बंद किया गया है? ट्रक ड्राइवर: कह रहे हैं, आपकी गाड़ी ओवरलोड है और कांटा करवाना है। टोलकर्मी: एक्सप्रेसवे पर अलाऊ नहीं है और आप चालान काट रहे हो। RTO इंस्पेक्टर: आपको​​​​​​ किसने कहा अलाऊ नहीं है? टोलकर्मी: हमने NHAI को लेटर दे रखा है। RTO इंस्पेक्टर: कहां है, ले आओ। मेरी यादव साहब से बात हुई थी। आज तक किसी ने मुझे लेटर नहीं दिया। टोलकर्मी: आप यहां अवैध चालान कर रहे हो, यह नहीं चलेगा। RTO इंस्पेक्टर: चालान अवैध होता है क्या? तो हम जाएंगे नहीं यहां से? टोलकर्मी: आप अपनी पर्सनल व्हीकल से जा सकती हैं। चालान का आदेश नहीं है। आप ऐसे दो-तीन हजार रुपए नहीं ले सकते। RTO इंस्पेक्टर: सिर्फ आप लोग ही ले सकते हो क्या? कौन क्या कर रहा है, मैं भी बताऊंगी। कल भी मैंने चार डंपर पकड़े थे, जो यहां अवैध ओवरलोड आ रहे थे। अब मैं भी बताऊंगी। RTO इंस्पेक्टर: कलेक्शन कंपनी में गाड़ी लगेगी तो आप इसे टैक्सी नंबर लगाएंगे। आपके प्रोजेक्ट डायरेक्टर से मेरी बात हो चुकी है। उनसे बात के बाद ही मैं आती हूं। आप लेटर दीजिए, कहां मना है। टोलकर्मी: आपके पास अवैध वसूली का लेटर है तो दीजिए। RTO इंस्पेक्टर: आप लेटर दीजिए कि आप टैक्सी नंबर नहीं लेंगे और सारा टैक्स चोरी आप ही करेंगे। टोलकर्मी: आप हमारे कलेक्शन को घटा रही हैं। पर्सनल गाड़ी से तो टैक्स लेंगे। RTO इंस्पेक्टर: सरकारी गाड़ी क्यों नहीं अलाऊ है? टोलकर्मी: अलाऊ है, लेकिन चालान के लिए नहीं। RTO इंस्पेक्टर: आपने परसों मेरे इंस्पेक्टर को अलाऊ नहीं किया। वीडियो है मेरे पास। जब हम अलाऊ कर सकते हैं तो आप क्यों नहीं करेंगे? आप भी प्राइवेट गाड़ी का कमर्शियल यूज कर रहे हैं। परिवहन विभाग की अधिकारी (मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर) मुक्ता सोनी ने बताया- उन्होंने इस मुद्दे पर टोल कर्मियों से बातचीत की और उन्हें बताया कि उनके पास इस तरह की कार्रवाई करने का आदेश है। टोल कर्मी ओवरलोड वाहनों को बिना अतिरिक्त टैक्स के प्रवेश दे देते हैं और वाहन चालकों से अवैध वसूली करते हैं। जब उन्होंने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की, तो टोल कर्मियों को परेशानी हुई। उन्होंने मामले के संबंध में उपखंड अधिकारी, कलेक्टर और NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को शिकायत की है। टोल पर लगी गाड़ियों का टैक्स बकाया RTO जगदीश अमरावत ने बताया कि मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर मुक्ता सोनी टोल कर्मियों की गाड़ियों का निरीक्षण करने के लिए एक्सप्रेसवे पर गई थीं। टोल पर लगी कई गाड़ियों का टैक्स बकाया था और वह टैक्स की वसूली के लिए वहां गई थीं। किसी भी वाहन चालक से कोई अवैध वसूली नहीं की गई है, यह सभी आरोप झूठे हैं। इस संबंध में पहले भी टोल कर्मियों के चालान काटे गए थे, क्योंकि उन्होंने टैक्स नहीं दिया था। उन्होंने कहा कि टोल कर्मियों ने दबाव बनाने के लिए वीडियो बनाकर वायरल किया है, लेकिन वीडियो में कहीं भी अवैध वसूली का कोई प्रमाण नहीं है। मामला मेरे संज्ञान में है और टोल कर्मियों को टैक्स की वसूली के पैसे देने होंगे। टोल प्लाजा मैनेजर राहुल चौधरी ने बताया – RTO टीम भांडारेज से जबरदस्ती चढ़कर आए थे। इन्हें मना भी किया गया था। आगे आने के बाद हाईवे पर गाड़ियों को रोकना शुरू कर दिया। हमें इस बारे में सूचना मिली थी, गाड़ी वालों ने भी आकर हमें बताया था। उनका कहना था कि वे गाड़ियों को रोक नहीं रहे हैं, जबकि हमारे पास मौके के वीडियो हैं, जिनमें हाईवे के दोनों तरफ गाड़ियों को रोक रखा गया था, जो अलाऊ नहीं है। उनका दावा था कि गाड़ियां ओवरलोड आ रही हैं। ऐसा बिल्कुल नहीं है। इसके लिए हमारे पास टोल पर कांटे लगे हुए हैं और ओवरस्पीड के लिए स्पीड कैमरे भी हैं। इसके लिए लेटर भी दिया हुआ है। फिर भी ये चढ़ते हैं। हमारे पास गाड़ी केवल पर्सनल यूज के लिए है और गाड़ी का इस मामले में कोई काम नहीं है। अवैली वसूली मामले में पहले APO हो चुकी RTO इंस्पेक्टर हाईवे पर अवैध वसूली के मामले में RTO इंस्पेक्टर मुक्ता वर्मा के खिलाफ पहले भी कार्रवाई की गई थी। अजमेर से जयपुर के बीच नेशनल हाईवे-8 पर अवैध वसूली के संबंध में दैनिक भास्कर के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किए गए स्टिंग के बाद आरटीओ की पूरी फ्लाइंग टीम को हटा दिया गया था। किशनगढ़ (अजमेर) के जिला परिवहन कार्यालय में तैनात RTO इंस्पेक्टर मुक्ता वर्मा (सोनी) को एपीओ कर मुख्यालय जयपुर भेजा गया था। अपर परिवहन आयुक्त रंजीता गौतम ने 27 जनवरी 2024 को इस संबंध में आदेश जारी किए थे। एपीओ किए जाने के बाद मार्च 2024 में मुक्ता सोनी को दौसा परिवहन विभाग में इंस्पेक्टर नियुक्त किया गया था। पांच महीने पहले, 22 जुलाई को, मुक्ता सोनी ने बजरी माफिया के खिलाफ लूट और जानलेवा हमले का मामला लालसोट थाने में दर्ज कराया था। रिपोर्ट में बताया गया था कि सुबह 8 बजे सवाई माधोपुर रोड पर लालसोट उप परिवहन कार्यालय से 2 किमी आगे (अनाज मंडी के पास) न्यू किसान कांटे पर बजरी से भरे दो ओवरलोड डंपरों को रुकवाया गया था। उनके पास डंपर और बजरी परिवहन से संबंधित कोई कागजात नहीं थे। ओवरलोड गाड़ियों का चालान बनाकर जब्त करने की तैयारी की जा रही थी। इस दौरान बिना नंबर की 10 कारों में सवार 3 मुख्य बजरी माफिया समेत 26 लोग मौके पर पहुंच गए। माफिया सरकारी गाड़ी में रखी अटैची ले गए, जिसमें 1.34 लाख रुपए की राजस्व राशि, चालान बुक, कैश बुक, रसीद बुक आदि शामिल थीं। ये भी पढ़ेंः … दिल्ली-मुंबई हाईवे पर RTO के वर्दी वाले लुटेरे:ट्रक वालों से रोज 60 लाख की लूट, भास्कर रिपोर्टर ने 5 रात ड्राइवर-मजदूर बनकर जुटाए सबूत भास्कर स्टिंग ऑपरेशन के बाद RTO इंस्पेक्टर को हटाया:दिल्ली-मुंबई हाईवे पर चल रही थी लूट; गाड्‌र्स पर भी कार्रवाई, सरकार का मैसेज-भ्रष्टाचारियों को छोड़ेंगे नहीं RTO इंस्पेक्टर की गाड़ी से सवा लाख रुपए लूटे:महिला अधिकारी बोलीं- बजरी माफिया ने मेरी हत्या की कोशिश की, 2 डंपर छुड़ा ले गए

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *