दिल्ली में दिसंबर में 15 साल की सबसे ज्यादा बारिश:श्रीनगर में मौसम की पहली बर्फबारी, नेशनल हाईवे बंद होने से 2000 वाहन फंसे

देश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के साथ मैदानी इलाकों में बारिश हो रही है। शुक्रवार को दिल्ली-NCR में पूरे दिन तेज बारिश हुई। यह पिछले 15 साल में दिसंबर महीने की सबसे ज्यादा बारिश रही। बारिश गुरुवार देर रात करीब 2:30 बजे शुरू हुई और पूरे दिन जारी रही। IMD के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटे में शहर में 9.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके चलते तापमान गिरकर 14.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। शुक्रवार को कश्मीर के श्रीनगर, गांदरबल, अनंतनाग, कुलगाम, शोपियां और पुलवामा के मैदानी इलाकों में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई। इसके चलते श्रीनगर-लेह हाईवे और मुगल रोड को बंद कर दिया गया। श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ, जिससे लगभग 2,000 वाहन फंस गए। खराब मौसम के कारण शुक्रवार को श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शाम की 5 उड़ान रद्द की गईं। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक और भी फ्लाइट रद्द होने की संभावना है। यात्रियों से लगातार अपडेट रहने का कहा गया है। शुक्रवार रात मध्यप्रदेश के भोपाल समेत कई इलाकों में बारिश हुई। इसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बर्फबारी की 6 तस्वीरें… पहाड़ों में आगे कैसा रहेगा मौसम… जम्मू-कश्मीर: 29 से 31 दिसंबर तक मुख्य रूप से मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 1 से 5 जनवरी के बीच कश्मीर में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। उत्तराखंड: IMD ने शनिवार को उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में 2500 मीटर से ऊपर स्थित क्षेत्रों में शीतलहर और भारी बर्फबारी की संभावना जताई है। चमोली में सभी सरकारी, गैर-सरकारी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्‌टी घोषित कर दी गई है। हिमाचल प्रदेश: शुक्रवार को छह जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी हुई है, जिसके चलते लाहौल-स्पीति, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और किन्नौर में अगले 24 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आज किसी राज्य में बारिश की संभावना नहीं मौसम विभाग ने आज किसी राज्य के लिए बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि यूपी, बिहार, एमपी, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान और बिजली चमकने का अलर्ट है। अगले 2 दिन का मौसम… 29 दिसंबर: MP-राजस्थान में बारिश का अलर्ट 30 दिसंबर: कहीं बारिश का अलर्ट नहीं राज्यों से मौसम की खबरें… राजस्थान : 13 जिलों में ओले-बारिश का अलर्ट, पारा गिरेगा शुक्रवार को राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में बारिश और कई जगह ओले गिरने की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने 15 जिलों में ऑरेंज, जबकि 16 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, अगले तीन दिन घना कोहरा रहेगा। मौसम विभाग ने 27 दिसंबर के लिए 13 जिलाें में भी ओले-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। 28 दिसंबर को जयपुर सहित 23 जिलों में बरसात की संभावना है। पढ़ें पूरी खबर… मध्य प्रदेश : 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, अगले 5 दिन बारिश का अलर्ट 4-5 दिन तक बादल, कोहरा, तेज हवा और मावठा के आसार हैं। वेस्टर्न डिस्टरबेंस साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर प्रदेश में दिखाई दे रहा है। दो तरफ से से नमी आ रही है। इसी वजह से बारिश, कोहरा जैसा मौसम बना हुआ है। नर्मदापुरम्, रायसेन, सीहोर, खंडवा, बुरहानपुर, बड़वानी, बैतूल और हरदा में ऑरेंज अलर्ट है। इसके चलते इन जिलों में बारिश-घना कोहरा छा सकता है। पढ़ें पूरी खबर… हरियाणा : प्रदेश में बारिश और ओले का अलर्ट, अगले 2 दिन ठंड बढ़ेगी पानीपत और सोनीपत समेत कई जगह सुबह हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने 16 जिलों में बारिश का ऑरेंज और 6 जिलों में यलो अलर्ट है। कुछ एक स्थानों पर ओले गिरने की भी संभावना है। 12 जिलों में हैवी रेन की संभावना है। इन जिलों में अन्य जिलों की अपेक्षा 50 से 75 प्रतिशत तक बारिश हो सकती है। बारिश के कारण ठंड बढ़ेगी, लेकिन कोहरे से राहत मिल सकती है। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *