नवरात्रि और दशहरा खत्म होने के साथ ही शहर में दिवाली की तैयारी शुरू हो गई है। बाजारों में भी बढ़ने लगी है। दुकानों में भी नया स्टॉक आना शुरू हो गया है। प्रशासन, पुलिस और निगम के अफसरों को यह पता है कि दिवाली के समय बाजारों की भीड़ कई गुना बढ़ जाती है। इसके बावजूद अभी तक किसी भी विभाग की ओर से कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।
निगम की ओर से हर साल दावा किया जाता है दिवाली के लिए शहर के अलग-अलग जगहों पर बाजार लगाया जाएगा। दिवाली के पांच दिन के हिसाब से बाजार लगाए जाएंगे, जिससे लोगों की भीड़ एक ही जगह पर जमा नहीं होगी। लेकिन पिछले पांच साल से इस योजना पर कोई काम नहीं किया गया है। इस साल भी निगम के अफसरों का कहना है कि दिवाली के लिए अलग बाजार होंगे, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। ऐन दिवाली के समय इसका आदेश भी जारी किया जाता है कि इसका पालन कराना संभव नहीं है। क्योंकि उस समय तक सभी जगहों पर बाजार लग जाते हैं। इसी तरह का हाल ट्रैफिक विभाग का भी है। यातायात विभाग की ओर से भी अभी तक शहर के बाजारों में पार्किंग या जाम को खत्म करने के लिए कोई योजना नहीं बनाई गई है। एक्सपर्ट व्यू – मनीष पल्लीवार, टाउन प्लानर और अध्यक्ष आर्किटेक्ट एसो. कम से कम 10 दिन पहले योजना लागू करें
त्योहारी सीजन में लोग आसानी से खरीदी कर सके इसलिए प्रशासन, पुलिस और निगम को ऐसी योजना बनानी चाहिए जो 10 दिन पहले लागू करना चाहिए। मालवीय रोड, सदरबाजार, गोलबाजार, शास्त्री बाजार और पंडरी बाजार में बिना वजह बड़ी गाड़ियों को प्रवेश नहीं देना चाहिए। जहां जरूरी हो उसे नो व्हीकल जोन बनाया जाए। लोगों की गािड़यां खड़ी करने ज्यादा से ज्यादा जगहों पर अस्थायी पार्किंग बनाना चाहिए। इस बार पहले से लगेंगे बाजार
दिवाली की खरीदारी लोग बिना किसी परेशानी के कर सकें इसके लिए पहले से ही बाजारों की व्यवस्था कर दी जाएगी। अलग-अलग चीजों के लिए अलग-अलग बाजार होंगे। एक ही जगहों पर लोगों की भीड़ जमा नहीं होगी। दुकानों के बाहर सामान रखने वालों पर भी कार्रवाई करेंगे।
विश्वदीप, आयुक्त नगर निगम दिवाली के लिए इन बाजारों को नहीं किया गया व्यवस्थित
निगम और पुलिस की ओर से दिवाली के लिए अलग-अलग सामग्री के लिए अलग-अलग बाजार बनाने का प्लान तैयार किया जाता है। इसमें आमापारा चौक में पूजा सामग्री, पटाखों के लिए ईदगाहभाठा मैदान, धनतेरस के लिए बाजारों में विशेष पार्किंग, फूल चौक में फूल बाजार और आउटर के लोगों के लिए पुरानी बस्ती, कुशालपुर, संतोषी नगर, महोबाबाजार समेत कुछ जगहों पर बाजार बनाने की योजना है। लेकिन इस योजना पर अभी तक काम शुरू नहीं किया गया है। इस वजह से इन बाजारों में अभी अवैध दुकानें-ठेले लगे हुए हैं। त्योहार के पहले निगम को यहां अभियान चलाकर कब्जे हटाने होंगे। लेकिन अभी तक इस पर कोई काम नहीं किया गया है।
दुकान का सामान सड़क पर लाने वालों पर भी कार्रवाई नहीं
त्योहार के पहले ऐसे दुकानदारों पर भी कार्रवाई नहीं की जा रही है जो अपनी दुकानों का सामान बाहर सड़क पर फैलाकर रखते हैं। ऐसे दुकानदारों क बार-बार चेतावनी देने के बावजूद वे नहीं सुधरते हैं। खासतौर पर गोलबाजार, मालवीय रोड, चिकनी मंदिर से एवरग्रीन चौक, हलवाई लेन, शारदा चौक, शास्त्रीबाजार, लाखेनगर, कटोरातालाब समेत कई इलाके ऐसे हैं जहां के दुकानदार बिना खौफ दुकान का बड़ा स्टॉक बाहर रखते हैं। दुकानों की डमी सड़क पर फैला दी जाती है। इससे संकरी सड़क और संकरी हो जाती है। इससे सबसे ज्यादा ट्रैफिक जाम होता है। पुलिस और निगम अभी तक ऐसे दुकानदारों पर न तो कोई कार्रवाई की है और न ही समझाइश दी है।


