गुमला |आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के द्वारा झारखंड आंदोलन के अगुआ नेता दिशुम गुरु शिबू सोरेन के जन्म दिन को आंदोलनकारी सम्मान समारोह दिवस के रूप में मनाया गया। आंदोलनकारियों ने दिशुम गुरु शिबू सोरेन के लंबी आयु की कामना की। साथ ही राज्य सरकार से दिशुम गुरु को झारखंड आंदोलनकारी के रूप में अधिसूचित एवं बजट में उनका नाम प्रकाशित कर झारखंड आंदोलनकारी के रूप में सम्मानित कर जन्मदिन को गौरवांवित करने की मांग की गई। आंदोलनकारियों ने संकल्प लिया कि उनके जन्मदिन को नशा उन्मूलन दिवस के रूप में मनाया जाए। मौके पर झारखंड आंदोलनकारी जमशेदपुर में मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा को अपमानित किए जाने पर निंदा प्रस्ताव पारित किया। इस समारोह के मुख्य अतिथि वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर थे। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलनकारी का सम्मान राज्य का सम्मान है। सरकार आंदोलनकारियों के प्रति संवेदनशील है। शीघ्र ही आंदोलनकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल अलग से मिलकर आंदोलनकारी के राजकीय मान सम्मान अलग पहचान रोजी रोजगार नियोजन की गारंटी एवं सम्मान पेंशन राशि के संदर्भ में विशेष चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं भी एक झारखंड आंदोलनकारी रहा हूं । बिहार विधानसभा सदन के अंदर में झारखंड अलग राज्य निर्माण की बातें करता रहा हूँ। और मैं भी चाहता था कि झारखंड अलग राज्य हो। अपना बजट बने और झारखंड राज्य भी सुखी समृद्ध राज्य बने। ऐसी परिकल्पना मेरी भी रही है। वर्तमान समय में झारखंड राज्य का विकास एक विजन के साथ होगा जहां मंईयां योजना के साथ-साथ झारखंड आंदोलनकारियों को भी सम्मान मिलेगा।इस मौके पर रोजलिन तिर्की समेत बड़ी संख्या में आंदोलनकारी उपस्थित थे।


