दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पारंपरिक श्राद्ध कर्म का गुरुवार को 10वां दिन है। आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रामगढ़ स्थित नेमरा में अपने परिजनों संग दिवंगत आत्मा की शांति के लिए पारंपरिक विधान पूरा किया। इसके बाद परिवार की वरिष्ठ सदस्य दीपमनी सोरेन के साथ श्राद्ध-कार्यक्रम से संबंधित सलाह-मशविरा हुआ। दिशोम गुरू शिबू सोरेन के दशकर्म की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 15 अगस्त को दशकर्म होगा। सारा कार्यक्रम संथाली रीति-रिवाज से होगा। दशकर्म के बाद 16 अगस्त को संस्कार भोज होगा। इसमें गांव-घर के अलावा अन्य लोग भी शामिल होंगे। भोज में कई विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट लोगों के शामिल होने की संभावना इस भोज को लेकर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। इस भोज में प्रदेश के अलावा देश के कई विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसको लेकर पूरा प्रशासनिक महकमा युद्ध स्तर पर तैयारी में जुटा है। उधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को श्राद्ध-कर्म के नौवें दिन दिवंगत आत्मा की शांति के लिए पारंपरिक विधान पूरा किया। वे गांव की गलियों और खेतों में गए। लोगों की समस्याएं सुनीं। वे राज्य के विकास और प्रशासनिक कार्यों को लेकर भी सक्रिय रहे। अधिकारियों से फोन और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद करते रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही न हो। योजनाएं भी तय समय पर पूरी हों। उन्होंने अधिकारियों से लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए तत्परता से उसका समाधान करने को कहा। राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री को भेजा जा चुका है आमंत्रण 16 अगस्त को संस्कार भोज और श्रद्धांजलि कार्यक्रम को लेकर मंत्रिमंडल सचिवालय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद सोनिया गांधी, विभिन्न प्रदेशों के मुख्यमंत्री एवं अन्य नेताओं को आमंत्रण पत्र भेज दिया है। प्रदेश स्तर पर जिला झामुमो कमेटी आमंत्रण पत्र भेज रहा है। राजनाथ सिंह व प्रियंका गांधी आ सकती हैं जानकारी के अनुसार, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के संस्कार भोज में शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान, छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल के भी आने की उम्मीद है। फिल्म निर्माता प्रकाश झा पहुंचे बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से फिल्म निर्माता एवं निर्देशक प्रकाश झा ने मुलाकात किया। उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस विकट दुःख को सहन करने शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इसके अतिरिक्त राज्य के कई नेता एवं मंत्री एवं आम जन सीएम से मिले।


