गुरदासपुर में दीनानगर के गांव गांधियां में रविवार की रात एक युवक ने पंजाब एंड सिंध बैंक की ब्रांच में पेट्रोल डाल कर आग लगा दी, जिससे बैंक की इमारत का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। लोहे का शटर बंद होने के कारण आग इमारत के अंदर नहीं पहुंच पाई। इससे बैंक का सामान, फर्नीचर, कंप्यूटर और नकदी सुरक्षित रही। ब्रांच मैनेजर संदीप अत्री ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 12 बजे एक व्यक्ति को आग लगाते हुए देखा गया। आरोपी ने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा था। आरोपी ने पहले बैंक के बाहर बाहर पेट्रोल छिड़का और फिर आग लगा दी। ग्रामीण ने दी बैंक मैनेजर को सूचना सुबह करीब 6 बजे एक ग्रामीण ने बैंक मैनेजर को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटना के दौरान आग का गोला ऊपर उठा और आरोपी की एक चप्पल मौके पर छूट गई। माना जा रहा है कि आग से बचने के प्रयास में वह अपनी चप्पल वहीं छोड़कर भाग गया।


