दीपक बैज ने बृजमोहन अग्रवाल को बताया विभीषण:PCC अध्यक्ष बोले- सांसद दिल्ली में डिनर नहीं दे रहे, सरकार के खिलाफ भी बना रहे रणनीति

छत्तीसगढ़ के धमतरी में मंगलवार को कांग्रेस ने ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ पदयात्रा का आयोजन किया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल को लेकर कहा कि वे आगे चलकर सरकार के लिए ‘विभीषण’ साबित होंगे। पदयात्रा मगरलोड ब्लॉक स्थित मेघा गांव से शुरू हुई। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने अपने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ लगभग 8 किलोमीटर तक पैदल मार्च किया। यात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर सभाएं भी आयोजित की गईं, जहां दीपक बैज ने भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना की। दीपक बैज ने कहा भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल दिल्ली में केवल डिनर पार्टी नहीं दे रहे हैं, बल्कि वे सरकार के खिलाफ रणनीति बना रहे हैं। बैज ने दावा किया कि बृजमोहन अग्रवाल आने वाले समय में सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती बनेंगे और ‘विभीषण’ की भूमिका निभाएंगे। सरकार बृजमोहन अग्रवाल को बना रही निशाना पीसीसी अध्यक्ष ने बृजमोहन अग्रवाल को भाजपा का वरिष्ठ नेता बताते हुए कहा कि वे सरकार में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, जिसके लिए उन्हें बधाई। भाजपा सरकार बृजमोहन अग्रवाल को निशाना बना रही है, खासकर जंबूरी घोटाले को उजागर करने के बाद। मनरेगा के स्वरूप में किया बदलाव उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाली योजना मनरेगा के स्वरूप में बदलाव कर दिया है। जिस योजना से ग्रामीणों के हाथों को काम और मजबूती मिलती थी, उसका नाम, काम और उद्देश्य बदल दिया गया है। दिया जा रहा मनरेगा बचाने का संदेश इसी के विरोध में जनसंपर्क यात्रा निकाली जा रही है, जिसके तहत गांव-गांव जाकर लोगों से चर्चा की जा रही है और मनरेगा को बचाने का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जनता से बदले की भावना के तहत मनरेगा को खत्म करने की कोशिश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *