‘दीवार कैसे नहीं गिरेगी, साले तेरी जबरदस्ती है क्या’:खंडवा में सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा- जेसीबी चलवा दूंगा; फिर हाथ से गिरवाई दीवार

खंडवा के खानशाहवली क्षेत्र में शुक्रवार को बिना अनुमति बन रहे मकान पर प्रशासन की टीम ने कार्रवाई की। सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर ने निर्माण कर रहे फिरोज खान को फटकार लगाते हुए कहा, ‘तुम अवैध रूप से मकान का निर्माण नहीं कर सकते। तुम्हारे पास अनुमति के कोई दस्तावेज नहीं हैं। मकान की दीवारें कैसे नहीं गिरेंगी, साला… तेरी जबरदस्ती है क्या यहां। अभी बुलडोजर चलवा दूंगा।’ इसके बाद नगर निगम की टीम ने निर्माणाधीन मकान की दीवारें गिरा दीं। दस्तावेज दिखाए, लेकिन परमिशन नहीं थी
नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी दस्ते के साथ पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट को फिरोज खान ने जमीन के दस्तावेज दिखाए, लेकिन उसके पास मकान बनाने की अनुमति नहीं थी। मौके पर 15 बाय 30 वर्गफीट में मकान छत हाइट तक बन चुका था। सिटी मजिस्ट्रेट ने दस्तावेज चेक करने के बाद टीम से दीवारें गिराने को कहा। जब निर्माणकर्ता ने विरोध किया कि दीवारें नहीं गिरेंगी, तो मजिस्ट्रेट उन पर झल्ला गए। चेतावनी- अब एक भी ईंट नहीं लगनी चाहिए
निगम की टीम ने मकान की निर्माणाधीन दीवारें एक-एक कर तोड़ दीं। कार्रवाई के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने निर्माणकर्ता को सख्त चेतावनी दी कि बिना अनुमति के अब मकान में एक भी ईंट नहीं लगनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे पुराने निर्माण की बात नहीं कर रहे, लेकिन नया अवैध निर्माण नहीं होने देंगे। 3 मंजिला इमारत गिरने के बाद एक्शन में प्रशासन
हाल ही में भैरव तालाब वार्ड में एक तीन मंजिला बिल्डिंग भरभराकर गिर गई थी। इस बिल्डिंग के बाजू में अवैध निर्माण के लिए गहरी खुदाई की जा रही थी, जिससे यह हादसा हुआ था। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। इस घटना के बाद से निगम बिना अनुमति या अवैध निर्माण पर सख्त नजर रख रहा है। शॉपिंग मॉल समेत 60 निर्माण चिन्हित
नगर निगम ने शहर में अब तक 60 से ज्यादा ऐसे निर्माणकर्ताओं को नोटिस दिए हैं, जिन्होंने बिना अनुमति या अनुमति के विपरीत पक्का निर्माण किया है। इनमें बड़ाबम चौक स्थित शॉपिंग मॉल भी शामिल है, जिसका निर्माण अनुमति के विपरीत हुआ है। लगातार नोटिस के बाद भी निर्माणकर्ता इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *