दुकानों से प्रतिबंधित ई-सिगरेट,वेप जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार:ऑनलाइन मंगाकर स्कूलों के पास बेच रहे थे ई सिगरेट, बच्चे एवं युवा प्रमुख ग्राहक

सरगुजा पुलिस एवं आबकारी उड़नदस्ता टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंबिकापुर के मणीपुर स्कूल के सामने अमित मोबाईल व गिफट गैलरी शॉप और स्कूल रोड में एक डेली निड्स की दुकान से प्रतिबंधित ई सिगरेट, वेप, एवं फ्लेवर लिक्विड जब्त किया है। दोनों दुकानों के संचालकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ बीनएनएस, कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मामला मणीपुर एवं कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, संभागीय आबकारी उड़नदस्ता दल के प्रभारी रंजीत गुप्ता को स्कूलों के संचालकों ने जानकारी दी थी कि शहर के कुछ दुकानों में प्रतिबंधित ई सिगरेट बेची जा रही है। ई सिगरेट का सेवन स्कूली बच्चे एवं युवा कर रहे हैं जो अत्यधिक खतरनाक है। रंजीत गुप्ता ने इसकी जानकारी सरगुजा पुलिस को दी। दो दुकानों में ई सिगरेट बेचे जाने की जानकारी छात्रों ने साझा की। दो दुकानों से जब्त हुई ई सिगरेट
आबकारी उड़नदस्ता प्रभारी रंजीत गुप्ता एवं अंबिकापुर सीएसपी राहुल बंसल की टीम ने मणीपुर स्कूल के सामने संचालित अमित मोबाइल एवं गिफ्ट गैलरी में छापा मारा गया। दुकान संचालक अमित अग्रवाल (35 वर्ष) के कब्जे से फ््लेवर लिक्वीड 148 नग, 16 नग वेप, ई सिगरेट दो नग, 12 नग ब्रेन फ्रेशजर फ्लेवर जब्त के साथ 4 नग चाईना चाकू भी जब्त किया गया। वहीं टीम ने स्कूल रोड में सुशील कुमार केशरी के पान ठेला व डेली निड्स दुकान में छापा मारा, जहां सुशील कुमार केशरी (35 वर्ष) के दुकान से इलेक्ट्रानिक सिगरेट का 24 नग रिफिल, 10 नग फलेवर जब्त किया गया। इस दुकान के कुछ दूर पर ही कई बड़े स्कूल संचालित हैं। दोनों के खिलाफ FIR दर्ज
मोबाइल दुकान एवं डेली नीड्स दुकान में इलेक्ट्रानिक सिगरेट रिफील व फलेवर रखने व बिक्री करने के मामले में दोनों के खिलाफ इले. सिगरेट (उत्पाद, विनिमार्ण, आयात, निर्यात, परिवहन, विक्रय वितरण, भण्डारण और विज्ञापन प्रतिषेध अधिनियम 2019 की धारा 7, 8 व बीएनएस की धारा 270, कोटपा एक्ट की धारा 6 ख का अपराध दर्ज कर दोनों संचालकों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। क्या है ई सिगरेट,
ई-सिगरेट या इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट एक बैटरी से चलने वाला डिवाइस है, जो निकोटिन, फ्लेवर वाले लिक्विड और कुछ केमिकल्स को गर्म करके धुएं जैसी भाप बनाता है। इसे यूजर सांस के माध्यम से अंदर लेता है, जो फेफड़ों तक जाती है। यह देखने में सिगरेट जैसा ही लगता है। इसमें मौजूद निकोटिन और केमिकल्स शरीर को बाकी सिगरेट की तरह ही नुकसान पहुंचाते हैं। WHO के मुताबिक, ये युवाओं में निकोटिन की लत का बड़ा कारण बन रही है। किशोरों के ब्रेन पर इसका बुरा असर पड़ता है क्योंकि उनका ब्रेन अभी विकसित हो रहा होता है। एसएसपी ने की अपील
प्रतिबंधित ई सिगरेट को लेकर सरगुजा जिले में यह पहली कार्रवाई है। सरगुजा एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने जिले के सभी शैक्षणिक संस्थान प्रमुख, संचालकों एवं छात्र-छात्राओं के परिजनों से अपील की है कि ई सिगरेट एवं फ्लेवर लिक्विड की लत भावी पीढ़ी को प्रभावित कर रही है, ई सिगरेट से होने वाली हानि के बारे मंे हमारी युवा पीढ़ी को जागरूक करना आवश्यक है। इस प्रकार की नशे से संबंधित कोई सूचना हो तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों या कंट्रोल रूम को दें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *