दुगरी फेस-1:नाबालिग से छेड़छाड़, विरोध करने पर परिवार पर हमला

भास्कर न्यूज |लुधियाना दुगरी फेस-1 की मार्केट में एक नाबालिग बच्ची के साथ कथित तौर पर गुब्बारे बेचने वाले युवक द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जब बच्ची के परिजनों ने इसका विरोध किया तो पास में स्थित एक जिम से जुड़े कुछ युवकों ने पूरे परिवार पर हमला कर दिया। पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उन्हें और उनकी दोनों नाबालिग बेटियों के साथ धक्का-मुक्की की। वहीं महिला के पति का कहना है कि हमलावरों ने पूरे परिवार के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान महिलाओं और बच्चों को भी नहीं बख्शा गया और परिवार की गाड़ी पर पत्थर मारकर उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना को 8 दिन बीत चुके हैं और वे लगातार थाना दुगरी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया। परिवार का आरोप है कि राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस कार्रवाई करने से बच रही है। उन्होंने स्थानीय विधायक से भी गुहार लगाई, लेकिन वहां से भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। पुलिस कार्रवाई न होने से नाराज पीड़ित परिवार ने मजबूर होकर थाना दुगरी परिसर में धरना देते हुए न्याय की मांग की। परिवार का कहना है कि वे दहशत में हैं और उन्हें सुरक्षा की जरूरत है। इस मामले में जब संबंधित एसीपी से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और थाना इंचार्ज को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *