दुमका में पत्नी, दो बच्चों की हत्या की,खुद लगाई फांसी:पति-पत्नी में हुआ था झगड़ा; बेटे के दिल में छेद, इलाज के लिए वेल्लोर जाना था

दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के बरदेही गांव में रविवार की सुबह एक की परिवार के चार लोगों का शव बरामद हुआ है। घटना की जानकारी ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। बताया जा रहा है कि घरेलू झगड़े के बाद एक ही परिवार के चार लोगों की मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, गांव के बीरेंद्र मांझी ने अपनी पत्नी आरती कुमारी और दो मासूम बच्चों चार वर्षीय बेटी रूही और दो वर्षीय बेटे विराज की हत्या कर दी। इसके बाद उसने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटनास्थल पर जुटे ग्रामीणों के अनुसार, परिवार बेहद साधारण था। मृतिका आरती का मायका देवघर जिले के पालाजोरी में है। बताया गया कि बीरेंद्र शनिवार को ही पत्नी और बच्चों को मायके से वापस लेकर आया था। उसके बेटे विराज के दिल में छेद था। उसे इलाज के लिए वेल्लोर ले जाने की तैयारी चल रही थी। रात में हुआ झगड़ा, सुबह मिली चारों की लाश मृतक के पिता मनोज मांझी ने बताया कि रात में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद ने गंभीर रूप ले लिया और गुस्से में बीरेंद्र ने पहले पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या की। इसके बाद उसने घर में ही फांसी लगाकर जिंदगी समाप्त कर ली। रविवार की सुबह जब घर का दरवाजा नहीं खुला तो परिवार के अन्य सदस्यों ने पड़ोसियों की मदद ली। घर के भीतर मां और बच्चों के शव मिले। जबकि व्यक्ति की लाश घर के बाहर खेतों के पास मिली। बॉडी देख कर ही पुलिस को सूचना दी गई। लाश मिलने की ऐसी परिस्थिति से संदेह भी हो रहा है कि जब पति ने पत्नी और बच्चों की हत्या कर दी। फिर खुद फांसी लगा ली, ऐसे में शव घर के बाहर कैसे मिला। हत्या और आत्महत्या के एंगल से जांच सूचना मिलते ही हंसडीहा पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि हत्या और आत्महत्या के सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल, परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि गांव के लोग नवान्न पर्व की तैयारी में जुटे थे, लेकिन अचानक आई इस खबर ने पूरे माहौल को शोक से भर दिया। लोग बोले- इतनी दर्दनाक घटना कभी नहीं देखी इस दर्दनाक घटना के बाद बरदेही गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। आसपास के लोग इसे हाल के वर्षों की सबसे भयावह पारिवारिक घटना मान रहे हैं। मृतक बीरेंद्र मांझी की उम्र 30 वर्ष थी, जबकि पत्नी आरती 24 वर्ष की थी। वहीं बच्चों में बेटी रूही की उम्र चार साल और बेटे विराज की दो साल है। पुलिस जांच के बाद ही मौतों की सही वजह सामने आएगी। गांव में इस घटना के बाद कई तरह की चर्चा हो रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *