क्राइम रिपोर्टर | रांची दुर्गा पूजा के दौरान शांति व सौहाद्र बनाए रखने के लिए रांची पुलिस ने सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखने की तैयारी की है। पुलिस की ओर से नवरात्र शुरू होने से पहले एक हेल्पलाइन नंबर जारी करने प्लान तैयार किया गया है। किसी भी व्यक्ति को कहीं कोई आपत्तिजनक पोस्ट दिखाई देता है तो जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर पर भेजकर वह पुलिस को जानकारी दे सकता है। आपत्तिजनक टिप्पणी, धार्मिक उन्माद फैलाने वाला कंटेंट को पोस्ट या फॉरवर्ड करने वालों के खिलाफ रांची पुलिस ने कार्रवाई करने को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। इसके लिए अलग से एक टेक्निकल टीम को तैयार किया गया है, जो सोशल मीडिया पर नजर रखेगी। कंट्रोल रूम में यह टीम लगातार काम करेगी। एसएसपी चंदन सिन्हा ने राजधानी के लोगों से आग्रह करते हुए कहा है कि कहीं भी किसी को आपत्तिजनक पोस्ट दिखाई देता है तो उसपर विश्वास करने के बजाए पहले पुलिस को जानकारी दें। अक्सर पोस्ट का सत्यापन किए बगैर लोग उसपर विश्वास कर तरह-तरह की बातें करने लगते हैं। इस तरह के पोस्ट से बचने की आवश्यकता है। एसएसपी ने यह भी कहा कि अगर कहीं कोई विवादास्पद पोस्ट को फॉरवर्ड करता है तो वह दोषी माना जाएगा। जांच के बाद उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी तय है। एक अच्छे व्यक्ति का परिचय देते हुए पुलिस द्वारा जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर पर उस पोस्ट को भेजें, ताकि उसकी सत्यता की जांच की जाए। {असमाजिक तत्वों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा सके और शहर में शांति रहे। {अफवाहों के कारण कई बार तनावपूर्ण स्थिति बन जाती है, ऐसे में स्थिति नियंत्रण में रहे। {छोटे विवाद भी बड़े झगड़े में बदल जाते हैं।


