भास्कर न्यूज | अमृतसर भारत-पाक में बनी युद्ध की स्थिति को देखते जिला प्रशासन ने लाइटें बंद रखने के आदेश दिए हैं। इसके चलते मंदिर कमेटियों ने भगवान की आरती का समय बदल दिया है। उत्तर भारत के प्रसिद्ध तीर्थ दुर्ग्याणा, शिवाला बाग भाईयां, गोपाल मंदिर, बड़ा श्री हनुमान मंदिर सहित अन्य मंदिरों में सुबह से लेकर रात की आरतियों के सारे समय में तबदीली कर दी है। वहीं ब्लैक आउट होने से पहले मंदिरों में रात 8:45 बजे दर्शन बंद होंगे ताकि भक्त आराम से अपने घरों को जा सकें। मंदिरों में सुबह की मंगला आरती, शृंगार आरती, संध्या आरती और शायन आरती का समय बदला है। दुर्ग्याणा के श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के मुख्य पुजारी ओम प्रकाश जी के मुताबिक, मंगला आरती सुबह 6 बजे, शृंगार आरती 8 बजे, संध्या आरती शाम 6 बजे, शयन आरती रात 8.15 बजे और रात 8.45 बजे दर्शन बंद होंगे। बता दें श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर आम दिनों में सुबह 5 बजे मंदिर खुलता है और 5.15 बजे मंगला आरती, 7 बजे संध्या आरती, 7.15 बजे शृंगार आरती, 9.30 बजे शयन आरती और 10 बजे मंदिर बंद होता है। बड़ा हनुमान मंदिर सुबह 6 बजे खुलेगा। मंगला आरती 7.45 बजे, शिंगार आरती 8.30 बजे, संध्या आरती 6.20 बजे, शयन भोग रात 7.30 से 8 बजे, शयन आरती 8.30 बजे और रात 8.45 बजे मंदिर बंद होगा। बता दें बड़ा श्री हनुमान मंदिर आम दिनों में सुबह 5.15 बजे मंदिर खुलता है। मंगला आरती सुबह 6 बजे। राजभोग आरती दोपहर 1 बजे, संध्या आरती 6.40 बजे, शयन आरती 9.50 बजे और रात 10 बजे मंदिर बंद होता है। जबकि आपात स्थिति के कारण शिवाला बाग भाइयां में मंदिर सुबह साढ़े 5 बजे खुलेगा। सुबह शाम आरती 6 बजे होगी। शाम 7 बजे मंदिर बंद हो जाएगा। श्रद्धालुओं को प्रशासन के निर्देशों का पालन करना चाहिए।


