भास्कर न्यूज | अमृतसर गंगा दशमी के दिन 5 जून को दुर्ग्याणा तीर्थ का शताब्दी समारोह मनाया जाएगा। इसे लेकर मंदिर कमेटी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कमेटी के महासचिव अरुण खन्ना और संकीर्तन चेयरमैन संजीव खन्ना की अगुवाई में सुबह प्रभात फेरियां निकाली जा रही हैं। शाम को श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में हरिनाम संकीर्तन हो रहा है। प्रभात फेरियां शहर के अलग-अलग इलाकों में जा रही हैं। हरिनाम संकीर्तन में देशभर से भजन गायक पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी के तहत मंगलवार सुबह साढ़े 5 बजे प्रभातफेरी रानी का बाग माडल टाउन में पहुंची। इसके बाद फेरी रानी का बाग प्राचीन शिवाला एवं राम मंदिर में पहुंची। जहां के चेयरमैन पीएल हांडा और अन्य सदस्यों ने मिलकर ठाकुर जी की आरती उतारी। ढोल की थाप पर संजीव खन्ना भजन गा रहे थे। उन्होंने ‘श्याम तेरी मुरली पुकारे राधा नाम’, ‘राधा की श्याम वह तो मीरा का भी श्याम’ और ‘जग में सुंदर है दो नाम, चाहे कृष्ण कहो चाहे राम, बोलो राम राम राम, बोलो श्याम श्याम श्याम’ जैसे भजन गाए। भजन सुनकर मंदिर में मौजूद भक्तजन झूमने लगे। इस मौके पर मंदिर कमेटी ने फेरी में शामिल सभी भक्तों को सम्मानित किया। इस मौके पर मैनेजर अनिल शर्मा, कपिल मेहरा, संजय मेहरा, ललित मेहरा, राबिन मौजूदरहे। दुर्ग्याणा से प्रभातफेरी में गाए भजनों पर नाचते भक्तजन।


