दुर्ग का गुटखा किंग रायपुर से गिरफ्तार:10 करोड़ से ज्यादा की टैक्स चोरी के मामले में फरार गुटखा व्यापारी को एक महीने बाद जीएसटी ने किया गिरफ्तार

दुर्ग के चर्चित गुटखा कारोबारी गुरमुख जुमनानी को राज्य जीएसटी की टीम ने रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। जुमनानी पर करोड़ों रुपए की टैक्स चोरी का आरोप है। वह दुर्ग जिले के गनियारी गांव स्थित गुटखा फैक्ट्री का मालिक है। टीम ने उसकी फैक्ट्री पर छापा मारा था, लेकिन उस समय जुमनानी मौके से फरार हो गया था। लगभग एक महीने की तलाश के बाद जीएसटी की टीम ने उसे रायपुर से दबोच लिया। यह मामला तब चर्चा में आया जब दुर्ग के कोनारी वार्ड में एक तेल फैक्ट्री की आड़ में अवैध गुटखा निर्माण का खुलासा हुआ। खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने वहां दबिश देकर करोड़ों रुपए की सुपारी और एसेंस बरामद किया था। इस कार्रवाई के बाद जीएसटी ने भी अपनी जांच तेज की और गुरमुख जुमनानी के नेटवर्क पर निगाहें टिका दीं। गनियारी और राजनांदगांव में दबिश
खाद्य विभाग की कार्रवाई के लगभग एक महीने बाद राज्य जीएसटी ने गनियारी स्थित सितार गुटखा फैक्ट्री और राजनांदगांव के ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। बताया जाता है कि गनियारी फैक्ट्री में जीएसटी टीम ने फिल्मी स्टाइल में दीवार फांदकर एंट्री ली थी। उस वक्त लाखों रुपए का अवैध स्टॉक मिला था। इसी दौरान टैक्स चोरी का बड़ा राज खुला। शुरुआती जांच में 10 करोड़ से ज्यादा की चोरी
जांच में सामने आया कि जुमनानी ने व्यवस्थित तरीके से टैक्स चोरी की थी। बिना बिल के कच्चा माल मंगाया जाता था और बिना इनवाइस के गुटखा की सप्लाई की जा रही थी। शुरुआती अनुमान में 10 करोड़ रुपए से ज्यादा की जीएसटी चोरी का पता चला है। अधिकारियों का कहना है कि यह आंकड़ा पूछताछ और आगे की जांच में और बढ़ सकता है। फरार होने के बाद रायपुर से गिरफ्तारी
छापे के तुरंत बाद से ही जुमनानी फरार चल रहा था। राज्य जीएसटी की टीम उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए थी। आखिरकार रायपुर में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। टीम ने उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि जुमनानी से लगातार पूछताछ की जा रही है। शुरुआती पूछताछ में उसने कुछ सहयोगियों के नाम भी बताए हैं। जांच एजेंसियां अब उसके कारोबार से जुड़े अन्य ठिकानों और सहयोगियों पर भी कार्रवाई की तैयारी में हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *