दुर्ग के लोगों जल्द मिलेगी ई-बस सेवा:दुर्ग में प्रधानमंत्री बस डिपो टर्मिनल के निर्माण को लेकर किया गया भूमिपूजन

दुर्ग जिले के नागरिकों को जल्द ही एयर कंडीशन ई-बसों की सुविधा मिलने लगेगी। इसके लिए दुर्ग में प्रधानमंत्री बस डिपो टर्मिनल बनाया जा रहा है। मंगलवार को दुर्ग सांसद विधायक और कलेक्टर की मौजूदगी में इसका भूमि पूजन किया गया। प्रधानमंत्री बस डिपो टर्मिनल निर्माण कार्य (ई-सिटी बस डिपो) का दुर्ग में भूमिपूजन किया गया। समारोह में शामिल होकर दुर्ग सांसद विजय बघेल ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। दुर्ग सांसद विजय बघेल ने कहा कि डिपो का निर्माण 4 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जिससे पूरे दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में मौजूद दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि पहले शहर में सिटी बसें चलती थीं, जिससे आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं, विद्यार्थियों और बुजुर्गों को काफी सहूलियत मिलती थी। ये बसें शहर के विभिन्न बाजारों, जिला कार्यालय, नगर निगम और आसपास की कालोनियों तक आवागमन का एक सुलभ साधन थीं। पिछले कुछ सालों से सिटी बसों के बंद होने से लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इस सेवा को फिर से बहाल करने के लिए नागरिकों ने लगातार मांग उठाई थी, लेकिन पिछली कांग्रेस सरकार ने इस ओर कोई पहल नहीं की। अब राज्य की विष्णुदेव सरकार ने इस मांग को प्राथमिकता में रखते हुए ई-सिटी बस सेवा की दिशा में कदम बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि ई बसें पूरी तरह से इलेक्ट्रिक होंगी। इससे प्रदूषण कम होगा और शहर को स्वच्छ बनाने में मदद मिलेगी और किराया सामान्य लोगों की पहुंच में रहेगा। इससे सभी वर्गों को फायदा होगा। वहीं घरेलू कामकाज, बाजार, कार्यालयों और अन्य जरूरी स्थानों पर जाने के लिए अब महिलाओं को निजी वाहन या स्कूटी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इस मौके पर भिलाई नगर निगम के महापौर नीरज पाल भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि बस डिपो निर्माण का काम तेजी से होगा, जिससे जल्द से जल्द लोगों को ये सुविधा मिलने लगे। ई-सिटी बस सेवा दुर्ग-भिलाई के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना है। दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव ने कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से न केवल लोगों की यात्रा सुविधाजनक होगी, बल्कि प्रदूषण भी कम होगा और शहर की परिवहन व्यवस्था को नया स्वरूप मिलेगा। सरकार द्वारा इस परियोजना को तेजी से लागू करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे जल्द ही नागरिकों को एक बेहतरीन सार्वजनिक परिवहन सेवा उपलब्ध होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *