दुर्ग में आज से पं. प्रदीप मिश्रा की कथा:सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से होगी कथा स्थल की निगरानी, अपराधियों को पकड़ने सादी वर्दी में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी

ग्राम नगपुरा में 17 दिसंबर से 21 दिसंबर 2025 तक आयोजित होने जा रही शिव महापुराण कथा को लेकर दुर्ग पुलिस ने व्यापक और चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की है। प्रख्यात शिव कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) की इस भव्य कथा में प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कथा का आयोजन जैन मंदिर के पास ग्राम नगपुरा में किया जा रहा है। एक दिन पहले पुलिस ने किया रिहर्सल
कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा स्वयं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में की गई। इसके तहत कार्यक्रम से एक दिन पहले पूरे सुरक्षा प्लान का रिहर्सल किया गया। रिहर्सल के दौरान यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, आपात स्थिति से निपटने तथा वीआईपी मूवमेंट से जुड़े सभी बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया गया। 450 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी करेंगे सुरक्षा
दुर्ग पुलिस द्वारा कथा स्थल और आसपास के क्षेत्रों में कुल 30 राजपत्रित अधिकारियों सहित लगभग 450 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें थाना स्तर से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। कथा स्थल और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों के माध्यम से ऊपर से निगरानी की जाएगी, जिससे भीड़ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके। सादी वर्दी में तैनात रहेंगे पुलिस कर्मी
श्रद्धालुओं की भीड़ में असामाजिक तत्वों और चोरों की सक्रियता की आशंका को देखते हुए सादी वर्दी में भी अलग से पुलिस बल तैनात किया गया है। यह टीम लगातार भीड़ के बीच घूमकर नजर रखेगी, ताकि जेबकतरी, चोरी या किसी अन्य आपराधिक घटना को रोका जा सके। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे शांति एवं अनुशासन बनाए रखें, संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *