दुर्ग में धर्मांतरण पर बवाल:साहू समाज की महिला पर धर्मांतरण करवाने का आरोप, बजरंग दल और साहू समाज ने की कार्रवाई की मांग,  भीम आर्मी ने घेरा थाना

नेवई थाना क्षेत्र के सूर्य नगर में रविवार सुबह एक मकान में चल रही सामूहिक प्रार्थना सभा को लेकर रविवार को जबरदस्त हंगाम हुआ। यहां पर साहू समाज की महिला पर ही ईसाई समाज में धर्मांतरण करने का आरोप लगा। बजरंग दल और साहू समाज ने मनोज कुमार साहू के निवास के बाहर जमकर नारेबाजी की। कुछ देर बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही सीएसपी भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत कराया। 30–40 लोग कर रहे थे प्रार्थना, बजरंग दल ने लगाया धर्मांतरण का आरोप
हिंदूवादी संगठन के अनुसार सूर्य नगर स्थित मनोज कुमार साहू के घर में सुबह 30 से 40 लोग प्रार्थना कर रहे थे। घर के बाहर मनोज साहू का बोर्ड लगा है। हिंदूवादी संगठनों का दावा है कि इस घर में रहने वाले दंपति पहले हिंदू धर्म का पालन करते थे और घर के सामने एक मंदिर तक बनवाया था, लेकिन कुछ साल पहले उन्होंने धर्म परिवर्तन कर लिया। इन संगठनों का आरोप है कि अब वे पड़ोसियों को भी ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित और कथित रूप से दबाव बना रहे हैं। घर के सामने बनाया था मंदिर, पर अब दूसरों को भी जाने से करती है मना
बजरंग दल की जिला संयोजक ज्योति शर्मा ने आरोप लगाया कि यहां पर साहू समाज की एक महिला कई सालों से धर्मांतरण का काम कर रही है। पहले भी हमें इसकी सूचना मिली थी, वो कहना किसी का नहीं मानती थी। कई लोगों ने उन्हें ऐसा कृत्य करने से मना किया। लेकिन वो सबको डरा देती थी। मंदिर के पास खड़े होने नहीं देती थी। केस करवाने की धमकी देती थी। जानकारी मिलने के बाद मोहल्ले वाले और साहू समाज के लोग विरोध करने पहुंचे। लोगों का कहना है कि पहले वो भगवान को काफी मानती थी, उसने अपने घर के बाहर मंदिर भी बनवाया था। लेकिन कुछ सालों से जब वो धर्म को परिवर्तित कर ली तो आस-पास के लोगों को भी कन्वर्ट करने का काम कर रही है। साहू समाज भी विरोध में उतरा, कहा- विदेशों से हो रही फंडिंग
साहू समाज के पदाधिकारी डॉ. कामता साहू ने कहा कि ये साहू समाज का कोई व्यक्ति है जो पिछले लगातार चार वर्षों से यहां पर अपने घर में चर्च बनाकर धर्मांतरण कर रहा है। यहां पर बालोद, रायपुर व अन्य जिलों से बुलाकर 40 से ज्यादा लोग प्रार्थना करते हैं। आस-पास के मोहल्ले की बहू-बेटी भी यहां आते हैं। यहां से निकलने के बाद बहू-बेटी लोग जब अपने घर जाते हैं तो शाम को दीए तक नहीं जलाते हैं। ये गोरखधंधा काफी समय से चला आ रहा है। विदेशों से इन्हें फंडिंग होती है। ईसाई समाज बोला : हमने पहले ही पुलिस को सूचना दी थी
दूसरी ओर ईसाई समाज के विनोद आचार्य सहित बड़ी संख्या में लोग नेवई और भिलाई भट्ठी थाना पहुंचे। उन्होंने बताया कि घर में नियमित रूप से कुछ महिलाएं प्रार्थना करती हैं, जिसकी लिखित सूचना पहले ही प्रशासन को दी जा चुकी है। उनका कहना है कि यहां किसी तरह का जबरन धर्म परिवर्तन नहीं हो रहा है। कुछ लोग स्वेच्छा से ईसाई धर्म स्वीकार करना चाहते हैं और इस संबंध में कलेक्टर को आवेदन भी दिया गया है। कानून के तहत हर व्यक्ति को अपने धर्म का चयन करने का अधिकार है। पुलिस ने घर के अंदर की सभी का लिया बयान
हंगामा की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर फोर्स बढ़ा दी। बड़ी संख्या में महिला फोर्स भी तैनात किए गए थे। पुलिस ने घर के अंदर चल रहे प्रार्थना सभा में मौजूद सभी का बयान दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि हिंदूवादी संगठन की ओर से मांग की जा रही है कि बीएसपी के मकान में चर्च बनाकर धर्मांतरण किया जा रहा है, ऐसे में बीएसपी प्रबंधन को तत्काल इस घर पर बुलडोजर चलाना चाहिए। फिलहाल एसडीएम और बीएसपी प्रबंधन भी इस मामले में नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान लिए, आगे कार्रवाई की तैयारी
तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फोर्स बढ़ा दी और दोनों समूहों को वापस भेजा। सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों की बातें सुनी जा रही हैं। मामले में संबंधित लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *