दुर्ग में स्कूल टीचर के घर का ताला तोड़कर चोरी:25 हजार के गहने और 50 हजार नगद चुराए, फंस न जाए इसलिए सीसीटीवी तोड़कर डीवीआर भी ले गए अपने साथ

पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम बठेना में चोरों ने एक शिक्षिका के सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घर का ताला तोड़कर चोरों न सिर्फ घर से सोना-चांदी और नकदी ले गए, बल्कि पहचान छिपाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिया और डीवीआर साथ ले गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार प्रार्थी चंचल साहू ग्राम बठेना में अपने माता-पिता के साथ रहती हैं और शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खम्हरिया में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। चंचल साहू ने पाटन थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि दिनांक 10 जनवरी को शाम करीब 4 बजे वह अपने माता-पिता के साथ अपनी दीदी के घर धनोरा, जिला दुर्ग गई थीं। घर में ताला लगाकर सभी लोग बाहर गए थे। चोरों ने इसी बीच वारदात को अंजाम दिया है। दो दिन बाद हुई चोरी की जानकारी
12 जनवरी की सुबह करीब 7:30 बजे गांव के ही पोषण साहू ने शिक्षिका चंचल साहू को फोन कर सूचना दी कि उनके घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही चंचल साहू अपने माता-पिता और जीजा अरुण कुमार साहू के साथ तुरंत ग्राम बठेना स्थित अपने घर पहुंचीं। वहां देखा गया कि मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी और घर के अंदर का पूरा सामान बिखरा पड़ा था। 50 हजार रुपए नगद भी चुराए
पीड़िता के अनुसार आलमारियों के ताले तोड़े गए थे और ऊपर के कमरे में रखी आलमारी का सामान भी बाहर फैला दिया गया था। सामान का मिलान करने पर घर से एक नग सोने की चैन, एक नग सोने का झुमका, दो नग पुराने इस्तेमाल के चांदी के सिक्के और नकद 50 हजार रुपये गायब पाए गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है। चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
चोरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और डीवीआर अपने साथ ले गए, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो सके। पीड़िता ने घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्र में पूछताछ शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *