दुर्ग में 6 जनवरी से स्कूल नेशनल गेम्स:29 राज्यों के 329 खिलाड़ी कबड्डी प्रतियोगिता में दिखाएंगे दम, आज से पहुंचेंगे खिलाड़ी

दुर्ग जिले में 69वीं राष्ट्रीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता (आयु वर्ग 14 वर्ष बालक) का आयोजन जाएगा। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 6 जनवरी से 9 जनवरी 2026 तक भिलाई में आयोजित होगी। प्रतियोगिता के मुकाबले भिलाई नायर समाजम हायर सेकेंडरी स्कूल एवं सेक्टर-2 स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड में खेले जाएंगे। वहीं प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह भिलाई विद्यालय हायर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-2 के खेल मैदान में होगा। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर के कुल 29 राज्य भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में 329 खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे, जबकि 87 ऑफिशियल्स भी प्रतियोगिता से जुड़े रहेंगे। इसके अलावा लोक शिक्षण संचालनालय, स्कूल शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन के 45 ऑफिशियल्स भी आयोजन की व्यवस्थाओं में शामिल रहेंगे। दुर्ग संभाग से कुल 136 व्यायाम शिक्षक व अधिकारी प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए अलग-अलग दायित्व निभाएंगे। खिलाड़ियों के खाने और ठहरने की व्यवस्था पूरी 69वीं राष्ट्रीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता के मीडिया प्रभारी जयंत वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, परिवहन, सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजन से दुर्ग जिले को राष्ट्रीय स्तर पर खेल मानचित्र में विशेष पहचान मिलने की उम्मीद है। तैयारियों को लेकर पहले हो चुकी है बैठक इससे पहले 20 दिसंबर 2025 को राष्ट्रीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता (14 वर्ष बालक) के आयोजन को लेकर संयुक्त संचालक संभाग कार्यालय दुर्ग के मंथन हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त संचालक आर.एल. ठाकुर ने की। बैठक में दुर्ग संभाग के व्यायाम शिक्षकों को प्रतियोगिता की तैयारियों एवं उन्हें सौंपे गए दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में सहायक संचालक क्रीड़ा कल्पना स्वामी तथा जिला अधिकारी दुर्ग तनवीर अकील मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *