दुल्हन को किडनैप करने वाला आरोपी गिरफ्तार:फिल्मी स्टाइल में दूल्हे को पीटकर हाइवे से उठा ले गए थे बदमाश; 8 महीने से फरार था

गुना जिले में नेशनल हाईवे पर फिल्मी स्टाइल में नवविवाहित दुल्हन के अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने घटना के करीब 10 महीने बाद फरार चल रहे आखिरी आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी को इंदौर से दबोचा है। मामला 2 मार्च का है, जब बदमाशों ने दूल्हा-दुल्हन की गाड़ी रुकवाकर दूल्हे की बेरहमी से पिटाई की थी और दुल्हन को जबरन उठा ले गए थे। पुलिस ने घटना के महज 5 घंटे बाद ही GPS की मदद से दुल्हन को बरामद कर 5 आरोपियों को पकड़ लिया था, लेकिन एक आरोपी लगातार चकमा दे रहा था। इंदौर के मूसाखेड़ी से पकड़ाया आरोपी धरनावदा पुलिस ने बताया कि ASP मानसिंह ठाकुर और SDOP राघौगढ़ दीपा डोडवे के नेतृत्व में फरार आरोपी की तलाश की जा रही थी। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस को आरोपी के इंदौर में होने की लोकेशन मिली। टीम ने तुरंत इंदौर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी सचिन उर्फ आकाश टिल्लू (20) पुत्र राकेश कदम, निवासी मूसाखेड़ी (इंदौर) को गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। अशोकनगर से पीछा करते आए, कांच फोड़े घटना 2 मार्च की है। राजस्थान के सवाई माधोपुर की बारात अशोकनगर से दुल्हन को विदा कराकर लौट रही थी। दूल्हे विक्रम नायक ने बताया कि वे सुबह 9:30 बजे निकले थे। बदमाश अशोकनगर से ही स्कॉर्पियो और बाइक से पीछा कर रहे थे। गुना के धरनावदा थाना क्षेत्र में NH-46 पर ग्राम देहरी के पास बदमाशों ने रास्ता रोका। 7-8 लोग उतरे और चाकू से कार के कांच फोड़ दिए। दुल्हन चिल्लाई थी- आकाश इसे मत मारो वारदात के वक्त कार में दूल्हा-दुल्हन के अलावा दादी और मौसी थीं। बदमाशों ने दूल्हे को बाहर खींचकर पीटना शुरू कर दिया। दूल्हे ने बताया था कि उस वक्त दुल्हन किडनैपर से कह रही थी- “आकाश इसे मत मारो।” इसके बाद बदमाश दुल्हन को अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए और दूल्हे की कार के टायर पंक्चर कर दिए थे, ताकि कोई पीछा न कर सके। GPS से 5 घंटे में पकड़े गए थे 5 आरोपी पुलिस ने घटना के बाद तत्परता दिखाते हुए महज 5-6 घंटे के भीतर देवास जिले से स्कॉर्पियो कार को ट्रेस कर लिया था। पुलिस ने मौके से दुल्हन को सुरक्षित बरामद किया था और 5 आरोपियों (अभिषेक जाटव, रोहित कदम, तुषार अहिरवार, नीरज निहाले और संजय भाबर) को गिरफ्तार किया था। अब छठा और आखिरी आरोपी भी सलाखों के पीछे है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *