मंदसौर जिले के नांदवेल गांव में 20 नवंबर को हुई शादी के दो हफ्ते बाद ही एक महिला ने अपने ससुराल वालों के साथ ही अपराध कर दिया। 9 दिसंबर की रात उसने घर में भजिये बनाकर उनमें नशीला पदार्थ मिलाया। परिवार के 9 सदस्य खाने के बाद बेहोश हो गए और दुल्हन नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गई। पीड़ित सत्यनारायण ने बताया कि उनकी शादी 20 नवंबर को वाराणसी निवासी ज्योति से हुई थी। शादी के बाद वह नांदवेल गांव में उनके साथ रह रही थी। 9 दिसंबर की रात करीब 8 बजे उसने भजिये में नशीला पदार्थ मिलाकर पूरे परिवार को बेहोश कर दिया। इसके बाद ज्योति ने घर में रखे चांदी के पायजेब, बिछिया और लगभग 50 हजार रुपए नकद लेकर फरारी कर ली। पुलिस ने बनाई विशेष टीम थाना भावगढ़ में अपराध क्रमांक 204/25, धारा 318(4) और 123 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल और एसडीओपी मंदसौर ग्रामीण कीर्ति बघेल के निर्देशन में थाना प्रभारी वरसिंह कटारा की टीम ने जांच शुरू की। दुल्हन और चोरी का सामान बरामद जांच में सामने आया कि शादी नांदवेल गांव के रमेशसिंह ने वाराणसी निवासी बबलू के माध्यम से कराई थी। पुलिस ने वाराणसी में दबिश देकर मुख्य आरोपी ज्योति को गिरफ्तार किया और चोरी गया सामान बरामद किया। पूछताछ में ज्योति की साथी अन्तिमा पति प्रदीप राय का नाम सामने आया। उसे भी गिरफ्तार किया गया। वहीं, षड्यंत्र में शामिल रमेशसिंह को भी हिरासत में लिया गया। लुटेरी गिरोह का एक और आरोपी बबलू, निवासी गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।


