वेरका डेयरी से चोरों ने गल्ले में पड़ी लाखों रुपए की नकदी पर हाथ साफ किया है हालांकि अभी तक चोरों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कारवाई शुरू कर दी गई है। कस्बा खालड़ा निवासी गुरप्रताप सिंह ने बताया कि उसने गांव दाऊदपुरा में करियाने की दुकान के साथ-साथ वेरका डेयरी भी खोली हुई है। 3 जनवरी की रात को वह 2 लाख 52 हजार रुपए दूध के पैसे देने के लिए गल्ले में रखकर दुकान बंद करके घर चला गया। सुबह आकर जब वह और उसके भाई दुकान पहुंचे तो उन्होंने देखा कि दुकान का शट्टर टूटा हुआ है। उन्होंने जब अंदर जाकर देखा तो गल्ले में रखे 2 लाख 52 हजार रुपए भी चोरी हो गए थे। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत थाना वल्टोहा पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे एएसआई मलकीत सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। चोरों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफतार कर लिया जाएगा हालांकि मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं पुलिस ने कहा कि मामले की पूरी तरह से जांच की जा रही है। आरोपियों को बक्शा नहीं जाएगा ।


