लुधियाना| शहर में एक दूध उत्पादक सोसायटी के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जमालपुर थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि आरोपियों ने चालाकी से बैंक खाते की जानकारी बदलकर सोसायटी की रकम अपने खाते में ट्रांसफर करवा ली। पुलिस को दी शिकायत में साहिबाना गांव निवासी बेअंत कौर पत्नी हरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी गांव की दूध उत्पादक सोसायटी की ओर से किसानों से खरीदे गए दूध का हिसाब बनाकर बैंक में जमा करवाने का काम करते थे। शिकायत के अनुसार इसी दौरान आरोपियों ने मंजीत कौर पत्नी बचन सिंह के नाम के आगे अपना बैंक खाता नंबर दर्ज करवा दिया। जब सोसायटी की ओर से दूध की रकम बैंक में जमा हुई तो वह पैसे गलत तरीके से उनके खाते में ट्रांसफर हो गए। इस तरह बिना दूध बेचे ही आरोपियों ने सोसायटी की रकम हड़प ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर साहिबाना गांव निवासी हरमिंदर कौर पत्नी गुरमीत सिंह और मनदीप सिंह पुत्र गुरमीत सिंह समेत अन्य के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


