भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना कंटोनमेंट के नजदीक एक दृष्टिहीन युवती सड़क किनारे बैठी मिली। ऑल इंडिया पिंगलवाड़ा के एक सदस्य ने टीम को संपर्क किया, जिसके बाद टीम पहुंची और युवती को रेस्क्यू किया। युवती ने बताया कि उसके पिता यूपी से उसे यहां छोड़कर चले गए। युवती देख नहीं सकती और जब रात तक वहीं बैठी रही तो ऑल इंडिया पिंगलवाड़ा के एक सदस्य ने टीम को संपर्क किया। जिसके बाद टीम वहां पहुंची और युवती को रेस्क्यू किया। युवती को मंगलवार की रात को टीम अपने साथ संस्था के ब्लॉक में ले गई। ऑल इंडिया पिंगलवाड़ा चेरिटेबल सोसायटी की प्रधान डॉक्टर इंद्रजीत कौर ने बताया कि युवती अपना नाम ममता बता रही है और घर का पता उत्तर प्रदेश के पनवारी में बता रही है। ममता के मुताबिक उसके पिता उसे घर से यह कहकर लाए थे कि हरिद्वार जा रहे हैं और फिर जब ट्रेन से उतरे तो एक साइड में बिठाकर बोले कि कुछ देर यहीं रुको मैं वापस आता हूं। जिसके बाद रात तक वह वापस नहीं आए और युवती वहीं बैठी रही। डॉक्टर के मुताबिक, युवती ने बताया कि उसकी मां नहीं है और घर में 2 बहनें हैं। पिता उसे क्यों छोड़ गए और कहां छोड़ गए वो नहीं जानती। उसे किसी का फोन नंबर ही नहीं पता। युवती बेहद घबराई हुई थी और देख न पाने की वजह से कहीं जा भी नहीं सकी। डॉक्टर इंद्रजीत कौर ने बताया कि फिलहाल युवती उनके पास है और उन्होंने पुलिस थाना में सूचना दे दी है। सोसाइटी की ओर से युवती की देखभाल की जाएगी। उसके घर का पता लगाया जाएगा और फिर उसके बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।


