बैकुंठपुर | कोरिया जिला मुख्यालय स्थित प्रेमाबाग परिसर और नेशनल हाइवे सड़क किनारे बने गुरुद्वारा चौक की हालत इन दिनों बेहद जर्जर हो गई है। कभी आकर्षण का केंद्र रहा यह चौक अब गाजर घास और गंदगी के कारण बदरंग दिखाई पड़ रहा है। चौक की नियमित साफ-सफाई और देखरेख नहीं होने से इसकी सुंदरता समाप्त होती जा रही है, जिससे स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है। चौक के ठीक सामने स्थित चिल्ड्रन पार्क में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे और परिजन समय बिताने आते हैं, लेकिन चौक की दुर्दशा वातावरण को भी प्रभावित कर रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नपा प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए। यहां बता दें कि पास ही गुरुद्वारा भी है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।


