प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए देवगढ़ थाना क्षेत्र से 1 क्विंटल 27 किलो 600 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। डोडाचूरा के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और पुलिस उपाधीक्षक नानालाल सालवी के मार्गदर्शन में की गई। देवगढ़ थानाधिकारी नगजीराम उपनिरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान भंवरलाल पिता बाबूलाल विश्नोई (30), फरसाराम पिता घेवरराम विश्नोई (21) दोनों निवासी कागनाडा, पुलिस थाना लूणी, जिला जोधपुर ग्रामीण; जसवंत सिंह पिता रूवस्पसिंह राजपुरोहित (26) निवासी लूणासर, पुलिस थाना झवर, जिला जोधपुर ग्रामीण; और महेंद्र पिता किशनाराम विश्नोई (23) निवासी डोलीकला, पुलिस थाना कल्याणपुर, जिला जोधपुर ग्रामीण के रूप में हुई है। जब्त की गई स्विफ्ट कार (रजिस्ट्रेशन नंबर आरजे 19 सीसी-6659) की तलाशी लेने पर उसमें प्लास्टिक के 7 काले कट्टे मिले, जिनमें कुल 1 क्विंटल 27 किलो 600 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा भरा हुआ था। पुलिस ने अवैध डोडाचूरा और उसके परिवहन में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है। चारों आरोपियों को बिना अनुज्ञापत्र के अवैध डोडाचूरा रखने और परिवहन करने के आरोप में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण दर्ज कर आगे की अनुसंधान जारी है।


