देवघर में जालसाजी के एक मामले में पुलिस ने बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट के ट्रस्टी देवता पांडेय को गिरफ्तार किया है। इस ट्रस्ट की अध्यक्ष सांसद निशिकांत दुबे की पत्नी अनामिका गौतम हैं। मामला जसीडीह थाना में दर्ज केस नंबर-196/2025 से जुड़ा है। परित्राण ट्रस्ट के सचिव शिवदत्त शर्मा ने 21 जुलाई 2025 को तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। शिवदत्त शर्मा का आरोप है कि बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट के लोगों ने जालसाजी कर अनिवार्यता और संबद्धता प्रमाण पत्र का उपयोग किया। ट्रस्ट ने शैक्षणिक सत्र 2025-2026 से 150 छात्रों की क्षमता वाला एमबीबीएस पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग से अनुमति मांगी थी। आरोपियों ने ऐसी संपत्ति के दस्तावेजों का उपयोग किया, जो नीलामी में बेची गई संपत्ति का हिस्सा नहीं थी।


