झारखंड के प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर में इस वर्ष महाशिवरात्रि पर निकलने वाली शिव बारात का आयोजन पर्यटन विभाग करेगा। राज्य सरकार का यह निर्णय दो समितियों के बीच बारात निकालने को लेकर चल रहे विवाद को समाप्त करने के लिए लिया गया है। पिछले 31 वर्षों से शिवरात्रि महोत्सव समिति के अध्यक्ष राज नारायण खवाड़े की अध्यक्षता में शिव बारात निकाली जाती थी। हालांकि, पिछले दो वर्षों से यह आयोजन गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे के नेतृत्व में हो रहा था। कोरोना महामारी के कारण दो साल तक बारात का आयोजन नहीं हो सका था। समाजसेवी संस्थाओं सहित अन्य संगठनों का भी लिया जाएगा सहयोग देवघर डीसी विशाल सागर ने बताया कि इस वर्ष आयोजन को भव्य बनाने के लिए समाजसेवी संस्थाओं सहित अन्य संगठनों का सहयोग भी लिया जाएगा। प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम करेगा। शिव बारात देवघर का एक महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन है, जिसमें प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु हिस्सा लेते हैं। इस बार बारात को लेकर उत्पन्न भ्रांतियों को दूर करते हुए राज्य सरकार ने पर्यटन विभाग को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है। इस निर्णय से न केवल बारात की भव्यता बढ़ेगी, बल्कि अधिक संख्या में पर्यटकों के आने की भी उम्मीद है। जिला प्रशासन की देखरेख में निकलने वाली इस बारात को लेकर अब सभी संशय समाप्त हो गए हैं।


