झारखंड के देवघर में सोमवार की सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। बजरंगी चौक पर एक बेकाबू ट्रक दो मकानों में घुस गया, जिससे घरों की दीवारों में गंभीर दरारें आ गईं और छतें हिलने लगीं। हादसे के समय घरों में परिवार के सदस्य सो रहे थे। लखीसराय से चिमनी ईंट लेकर दुमका जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर पहले चाहरदीवारी से टकराया और फिर सोनी देवी समेत दो परिवारों के घरों में जा घुसा। धमाके की आवाज से जगे लोगों को लगा कि भूकंप आ गया है। डर के मारे सभी लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर भाग निकले। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। क्षतिग्रस्त मकानों में आई दरारों के कारण वे कभी भी ढह सकते हैं। इस वजह से पीड़ित परिवार मुआवजे की मांग कर रहे हैं। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।


