देवघर में बुधवार को कस्तूरबा गांधी विद्यालय की 7वीं की छात्रा की मौत के बाद जमकर हंगामा मचा। घटना देवीपुर थाना क्षेत्र के पहरीडीह की है। परिजनों ने वार्डन पर बच्ची का इलाज नहीं कराने और समय पर परिजनों को सूचित नहीं करने का आरोप लगाया। बच्ची की तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाने के दौरान बुधवार की सुबह उसकी मौत हो गई। बच्ची को सिर दर्द और वायरल फीवर की शिकायत थी मृतका की पहचान मधु कुमारी (13) के रूप में की गई। बच्ची को सिर दर्द और वायरल फीवर की शिकायत थी। वहीं, स्कूल के कई और छात्राओं को वायरल फीवर हुआ है। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में तोड़ा दम बच्ची के पिता सरदार यादव ने बताया कि उन्हें इसी स्कूल में पढ़ने वाली उनकी भतीजी ने फोन किया और मधु की तबीयत खराब होने की सूचना दी। मैं जब यहां पहुंचा तो बच्ची को वार्डन छुट्टी नहीं दे रही थी। फिर किसी तरह बच्ची को लेकर अस्पताल जाने लगा, पर रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। भतीजी ने फोन कर मधु के बारे में बताया सरदार यादव ने कहा-बच्ची की तबीयत बिगड़ने के बावजूद उसे समय पर उचित इलाज नहीं मिला, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। वहीं, वार्डन पिंकी कुमारी ने इन आरोपों को गलत बताया है। वार्डन के अनुसार, छात्रा सुबह थोड़ी अस्वस्थ थी। इसके बाद परिजनों को तुरंत सूचित कर बच्ची को सौंप दिया गया। मौत कैसे हुई, यह जांच का विषय है। इधर, घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने स्कूल में जमकर हंगामा किया। मेडिकल टीम द्वारा बच्चियों का किया गया इलाज
घटना की सूचना मिलते ही देवीपुर और बुढ़ई थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं, स्कूल में कुछ और बच्चियों की तबीयत बिगड़ने की खबर है, जिनका इलाज मौके पर पहुंची मेडिकल टीम द्वारा किया जा रहा है। घटना को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। देवीपुर के सीओ खोपा लाल राम, बीडीओ विजय राजेश बारला सहित कई प्रशासनिक अधिकारी स्कूल पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। छात्रा की मौत के कारण का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। परिजनों का आरोप है कि स्कूल की व्यवस्था ठीक नहीं है और वहां खान-पान समेत अन्य चीजों पर प्रबंधन का ध्यान नहीं है। इसकी भी जांच की जा रही है। -सीओ खोपा लाल राम, सीओ, देवीपुर


