भास्कर न्यूज | हजारीबाग देवचन्दा मोड़ पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटना को देखते हुए बुधवार को एनएच ए आई की टीम ने स्थलीय जांच की और दुर्घटना होने की असली कारण जाना। ज्ञात हो कि देवचंदा मोड़ पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर श्रीदस इंटरनेशनल स्कूल के प्राचार्य रोहित सिंह ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया था। उन्होंने स्ट्रीट लाइट, सर्विस रोड, बैरिकेडिंग, स्पीड ब्रेकर और स्कूल साइन बोर्ड लगाने की मांग की। इस संबंध में एनएचएआई को मेल भेजा और अधिकारियों से मुलाकात कर समस्या की गंभीरता बताई थी। स्थानीय निवासियों और स्कूली बच्चों के अभिभावकों ने भी इस समस्या पर चिंता जताई। तेज रफ्तार वाहनों के कारण कई लोगों की मौत हो चुकी है और कई घायल हुए हैं। प्राचार्य रोहित सिंह की पहल पर एनएचएआई ने बुधवार को देवचंदा मोड़ का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुर्घटनाओं के कारणों की जांच की और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। एनएचएआई ने कहा कि सड़क पर स्ट्रीट लाइट, सर्विस रोड, बैरिकेडिंग, स्पीड ब्रेकर और स्कूल साइन बोर्ड लगाने की योजना जल्द तैयार होगी। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि जल्द दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा। प्राचार्य रोहित सिंह ने कहा कि वे मामले की प्रगति पर नजर रखेंगे और समाधान के लिए अधिकारियों से संवाद जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान स्कूल के उप प्राचार्य विकास कुमार, उदय शंकर यादव और अमरजीत पांडेय मौजूद रहे।


