देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओम प्रकाश भड़ाना आज सवाई माधोपुर के दौरे पर रहे। यहां उन्होंने सर्किट हाउस में जिला कलेक्टर कानाराम, जिला परिषद सीईओ गौरव बुडानिया सहित जिले के आला अधिकारियों से मुलाकात की और सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की कार्य प्रगति रिपोर्ट ली।। इसी के साथ ही सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित ग्रामीण व शहरी सेवा शिविरों का फीडबैक लिया। भड़ाना ने इस दौरान अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। शिविर में पहुंचे देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष इस दौरान भड़ाना बुधवार शाम बजरिया स्थित मानटाउन स्कूल पहुंचे और स्कूल में आयोजित किए जा रहे वार्ड संख्या 8, 9, 10, 11, 12, 13, 14, 17, 54, 55, 56 के शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। यहां इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष मान सिंह गुर्जर व नगर परिषद सभापति जय प्रकाश सामरिया सहित जिला कलेक्टर कानाराम,एडीएम संजय शर्मा आदि भी मौजूद रहे। शिविर के दौरान उन्होंने लोगों के परिवाद भी लिए और लोगों से संवाद कर शिविर के बारे में फीडबैक भी लिया। शिविर के दौरान उनके की ओर से लाभार्थियों को आवासीय पट्टों का वितरण भी किया गया। बोले- मुख्यमंत्री लोगों की पीड़ा समझते हैं देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ने मीडिया से कहा कि मेहनत करके एक सामान्य परिवार से निकला हुआ व्यक्ति जब प्रदेश का मुख्यमंत्री बनता है तो वो लोगों की पीड़ा को भलीभांति समझता है। यही वजह है कि प्रदेश के मुखिया भजनलाल शर्मा ने प्रशासन शहरों व गांवों के संग अभियान के तहत शहरी एंव ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन कर जरूरतमंदों को लाभ पहुंचाने का भरपूर प्रयास किया है। इन शिविरों में सात विभागों की 52 प्रकार से भी अधिक ऐसी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है, जो लोगों की मूलभूत सुविधाओं और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी हुई है। इन शिविरों के माध्यम से एक ही छत के नीचे लोगों को उनकी हर समस्याओं से निजात दिलाने के साथ ही उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ देने का प्रयास किया जा रहा है।


