देवास भाजपा कार्यालय में मनाया गया वीर बाल दिवस:साहिबजादों के बलिदान को बताया गया अद्वितीय साहस का प्रतीक

देवास में शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में वीर बाल दिवस मनाया गया। इस अवसर पर गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों, जोरावर सिंह और फतेह सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया। विधायक गायत्रीराजे पवार ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों का बलिदान राष्ट्र, धर्म और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए दिया गया सर्वोच्च और अनुपम बलिदान है। उन्होंने उनके अदम्य साहस, अटूट आस्था और अन्याय के विरुद्ध अडिग संकल्प को मानव इतिहास में वीरता और त्याग का अमर प्रतीक बताया। भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने कहा कि इन वीर साहिबजादों ने बाल अवस्था में ही धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए बलिदान की पराकाष्ठा को छू लिया। उन्होंने बताया कि मात्र 6 और 9 वर्ष की अल्पायु में उन्होंने अद्वितीय साहस का प्रदर्शन किया, जो हिमालय से भी ऊंचा था। सेंधव ने जोर दिया कि उन्होंने धर्म, कर्तव्य और देशभक्ति के मार्ग पर अडिग रहकर अत्याचार के सामने कभी शीश नहीं झुकाया। वक्ता सनमीतसिंह खनूजा ने वीर बाल दिवस के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इसका लक्ष्य बच्चों और युवाओं को यह संदेश देना है कि आयु भले ही छोटी हो, किंतु विचार, साहस और संकल्प महान हो सकते हैं। खनूजा ने कहा कि यह दिवस केवल स्मरण का नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी में नैतिक मूल्यों, वीरता और देशभक्ति की भावना जगाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने यह भी बताया कि साहिबजादों ने विदेशी आक्रांताओं के सामने कभी शीश नहीं झुकाया और भारत की एकता, अखंडता तथा सनातन धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान को राष्ट्र के सामने जीवंत रखने के लिए वीर बाल दिवस मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *