देवास शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। डॉग बाइट के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं, जिससे बच्चों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। आए दिन विभिन्न क्षेत्रों से बच्चों को कुत्तों द्वारा काटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। सोमवार को पटेल नगर कॉलोनी में एक बच्चे को कुत्ते ने काट लिया। पीड़ित बच्चे की बुआ ने बताया कि 8 वर्षीय आर्यन स्कूल से लौटने के बाद अपनी दुकान जा रहा था। तभी एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया और उसे काट लिया। घायल आर्यन को परिजन इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार किया गया। इसी तरह का दूसरा मामला बावड़ियां क्षेत्र के गांधी चौक से सामने आया है। यहां 6 वर्षीय हिमांशु मालवीय को पीछे से एक आवारा कुत्ते ने काट लिया। हिमांशु स्कूल से घर लौट रहा था। बच्चे के पिता देवी सिंह मालवीय ने बताया कि उनके बेटे का इलाज एमजी अस्पताल में जारी है। पिछले कुछ दिनों से कुत्तों के काटने के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है। नागरिकों का कहना है कि नगर निगम द्वारा आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द अभियान चलाकर आवारा कुत्तों की समस्या का समाधान किया जाए, ताकि बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


