देवास में स्वास्थ्य विभाग ने नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे इंदौर डायग्नोस्टिक सेंटर पर सख्त कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया है। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर की गई। जांच के दौरान सामने आया कि डायग्नोस्टिक सेंटर का पंजीयन किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर था, जबकि इसका संचालन कोई और व्यक्ति कर रहा था। यह स्थिति शासन द्वारा तय प्रोटोकॉल और लाइसेंस की शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन पाई गई। स्वास्थ्य विभाग को इस सेंटर के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच में यह भी पाया गया कि सेंटर के पास आवश्यक दस्तावेज, वैध पंजीयन और अन्य अनिवार्य मानकों की पूर्ति नहीं की गई थी। इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से सेंटर को सील कर दिया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई प्रक्रियाधीन बताई जा रही है।


