देवास में कॉलेज के गेट पर ताला लगाकर विरोध:एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का दावा- फीस के मुकाबले नहीं मिल रहीं सुविधाएं; प्राचार्य से शिकायत

देवास में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने बुधवार को पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय के.पी. महाविद्यालय में शैक्षणिक, प्रशासनिक और सुरक्षा संबंधी समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान नाहर दरवाजा पुलिस भी मौके पर तैनात थी। एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष श्रीकांत चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में तालाबंदी कर विरोध जताया। उन्होंने कॉलेज प्राचार्य एस.पी. सिंह राणा को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। दावा- फीस के मुकाबले सुविधाएं कम
ज्ञापन में बताया गया कि जिले के इस प्रमुख शैक्षणिक संस्थान में विद्यार्थियों को निरंतर बढ़ी हुई फीस चुकानी पड़ रही है, लेकिन उसके अनुरूप आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। कक्षाओं की स्थिति, पुस्तकालय, शौचालय, पेयजल और बैठने की व्यवस्था अत्यंत असंतोषजनक बनी हुई है। महाविद्यालय परिसर में पार्किंग व्यवस्था का पूर्ण अभाव भी एक प्रमुख मुद्दा था। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए समुचित पार्किंग न होने से अव्यवस्था, दुर्घटनाओं और वाहनों के नुकसान की आशंका बनी रहती है। योग और व्यक्तित्व विकास की कक्षाएं नियमित नहीं
एनएसयूआई ने प्राध्यापकों की भारी कमी पर भी चिंता व्यक्त की। कई विषयों में नियमित प्राध्यापक नियुक्त नहीं होने से कक्षाओं का संचालन प्रभावित हो रहा है। विशेष रूप से योग एवं व्यक्तित्व विकास जैसे अनिवार्य विषयों की कक्षाएं नियमित रूप से नहीं लग पा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर असर पड़ रहा है। दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए आवागमन की सुविधा को लेकर भी ज्ञापन में नाराजगी जताई गई। बस सुविधा के अभाव में छात्रों को कॉलेज पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे उनकी उपस्थिति और पढ़ाई प्रभावित हो रही है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए। पूर्व युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह गौड़ ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का समाधान नहीं किया गया तो एनएसयूआई द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी। एनएसयूआई नेताओं ने कॉलेज प्रशासन से सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *