देवास में चंदन की अवैध कटाई और चोरी के मामले में पीपलरवां पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 12 किलोग्राम चंदन की लकड़ी जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 20,000 रुपए है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने अवैध चोरी, तस्करी और चंदन की कटाई में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सोनकच्छ दीपा मांडवे के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी पीपलरवां निरीक्षक सुबोध कुमार गौतम के नेतृत्व में पुलिस को 23 जनवरी 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, डेहरिया बड़ली जंगल क्षेत्र में तीन व्यक्ति चोरी की अवैध चंदन की लकड़ी लेकर जाने की फिराक में खड़े थे। सूचना की पुष्टि के बाद, पीपलरवां पुलिस ने तत्काल दबिश दी और तीनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। उनके कब्जे से चोरी की गई चंदन की लकड़ी बरामद की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजन उर्फ राजू (38) पुत्र रूप सिंह धमधरा निवासी पीपलरावा, घासीराम (25) पुत्र भागीरथ धमधरा निवासी मीठी कुंडी पीपलरावा, और राधेश्याम (32) पुत्र रमेश धमधरा निवासी मीठी कुंडी पीपलरावा के रूप में हुई है। उनके खिलाफ थाना पीपलरावा में अपराध क्रमांक 24/2026, धारा 303(2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


