देवास में रविवार शाम नगर निगम कर्मचारियों ने एबी रोड किनारे से अस्थाई दुकानें हटा दीं। इस दौरान दुकानदारों का सामान भी जब्त किया गया। निगम अमले ने दुकान संचालकों को दोबारा यहां दुकान न लगाने की हिदायत दी। कार्रवाई के दौरान एक दुकान संचालक की बेटी ने निगम कर्मचारियों से बहस की। युवती ने कहा, “अगर यहां दुकान नहीं लगाएंगे तो कहां लगाएंगे? क्या तुम हमारे घर के लिए किराना भर कर दे दोगे?” अस्थाई अतिक्रमण से होता है यातायात बाधित नगर निगम के प्रतीक शर्मा ने बताया कि एबी रोड पर अस्थाई अतिक्रमण से यातायात बाधित होता है। इन दुकानदारों को पिछले एक साल से सड़क पर दुकान न लगाने के लिए समझाया जा रहा था, क्योंकि इससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। शर्मा ने आगे बताया कि आयुक्त के निर्देशानुसार यह कार्रवाई की गई है। जब्त किए गए सामान के नियमानुसार चालान बनाए जाएंगे और बाद में सामान लौटा दिया जाएगा। साथ ही, दुकानदारों को यह समझाइश भी दी जाएगी कि वे एबी रोड पर दोबारा दुकान न लगाएं ताकि यातायात प्रभावित न हो। वहीं, एबी रोड पर अस्थाई दुकानें लगाने वाले लोगों की मांग है कि उन्हें रोजगार चलाने के लिए किसी निर्धारित और उपयुक्त स्थान पर दुकान संचालन की अनुमति दी जाए।


