आगामी नववर्ष के अवसर पर शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए देवास पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर पूरे जिले में चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों, बाजारों, होटल-ढाबों, सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और हाईवे मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस वाहनों, संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों की गहन जांच कर रही है। यातायात और कानून पर विशेष निगरानी पुलिस यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने, अवैध शराब के परिवहन, नशे के कारोबार, हुड़दंग मचाने और शांति भंग करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश और आमजन से अपील पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहने, गश्त बढ़ाने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आमजन से भी सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने और नववर्ष का उत्सव कानून के दायरे में रहकर सुरक्षित व शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की है।


