देवास पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल और घटना में इस्तेमाल की गई एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। यह मामला 1 अक्टूबर, 2025 को सामने आया, जब एक फरियादी ने पीपलरावां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि वह अपने खेत पर घास काट रहा था और उसकी काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल खेत की मेढ़ पर खड़ी थी। तभी दो अज्ञात चोर मोटरसाइकिल चुराकर ले गए। इस संबंध में थाना पीपलरावां में अपराध क्रमांक 334/2025, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए, देवास पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सोनकच्छ दीपा माण्डवे के निर्देशन में थाना प्रभारी पीपलरावां निरीक्षक सुबोध गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले
पुलिस टीमों ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। घटना स्थल और ग्राम घिचलाय में ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में दो आरोपी फरियादी की मोटरसाइकिल चुराते हुए कैद हुए। यह फुटेज देवास पुलिस द्वारा बनाए गए कम्युनिटी ग्रुपों में साझा किए गए, जिससे दोनों आरोपियों की पहचान हुई। आरोपियों की गिरफ्तारी
पहचान के बाद, 5 अक्टूबर, 2025 को आरोपियों अक्षय पिता गोकुल हाड़ा (24 वर्ष, निवासी कंजर डेरा, पीपलरावां) और मनीष पिता जीवन सिसोदिया (23 वर्ष, निवासी कंजर डेरा, पीपलरावां) को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।


