देवास शहर और आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी कम होने के साथ आसमान में बादल भी रहे। रात में चली तेज हवाओं से न्यूनतम तापमान 1 डिग्री घटकर 15 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। बादलों के कारण बुधवार सुबह को ठंड का एहसास थोड़ा कम रहा। दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मंगलवार को भी अधिकतम तापमान 27 डिग्री था, लेकिन न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहा था। बुजुर्गों और बच्चों को ज्यादा खतरा शीतलहर के प्रभाव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सावधानी बरतने की अपील की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सरोजिनी जेम्स बेक ने बताया कि शीतलहर आमतौर पर दिसंबर–जनवरी में रहती है, लेकिन नवंबर से फरवरी तक भी असर दिखा सकती है। उन्होंने कहा कि सर्द हवाएं खासकर बुजुर्गों, 5 साल से कम उम्र के बच्चों, दिव्यांगजन, बेघर लोगों और पुरानी बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों पर अधिक असर डालती हैं। खुले में काम करने वाले छोटे व्यापारी भी अधिक जोखिम में रहते हैं। गर्म कपड़े पहनें, लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से मिलें शीत-घात से बचने के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने और नियमित रूप से गर्म पेय पदार्थ लेने की सलाह दी गई है। सर्दी, खांसी, जुकाम या फ्लू जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। हाइपोथर्मिया के लक्षण, जैसे सामान्य से कम शरीर का तापमान, लगातार कंपकंपी, याददाश्त कमजोर होना, बेहोशी या जुबान लड़खड़ाने पर भी तुरंत मेडिकल सहायता लेने को कहा गया है।


