देवास में 6.50 लाख का चोरी का माल बरामद:सिविल लाइन क्षेत्र से दो इनामी आरोपी गिरफ्तार

देवास पुलिस ने रविवार को सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई दो बड़ी चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने लगभग 6.50 लाख रुपए कीमत का चोरी का सामान बरामद करते हुए दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहला मामला 5 जून 2025 का है, जब फरियादी आरिफ ने कालकापुरी स्थित अपनी दुकान से लगभग 60,000 रुपए का स्क्रैप, तांबे का तार और इलेक्ट्रिक मोटर चोरी होने की सूचना दी थी। इस संबंध में थाना सिविल लाइन देवास में मामला दर्ज किया गया था। दूसरी घटना 17 जून 2025 को फरियादी रोहित के घर हुई थी। उनके घर से सोने-चांदी के जेवरात, भगवान की छोटी मूर्ति, दो लैपटॉप (एचपी और डेल), दो कैमरे, हाथ घड़ियां, पीतल व तांबे के भगवान के बर्तन और नगद राशि चोरी हो गई थी। इस मामले में केस दर्ज किया गया। थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक हितेश पाटिल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से शाहरुख उर्फ मोटा (30 वर्ष, निवासी अन्नपूर्णा नगर इटावा देवास) और अरशद उर्फ अदनान (30 वर्ष, निवासी आर.के. होटल के पास शास्त्री नगर देवास) को कमला नगर रोड बायपास से गिरफ्तार किया। ये दोनों आरोपी इनामी थे। गिरफ्तार आरोपियों से चांदी की मूर्तियां, चांदी का तवा, पीतल के बर्तन एवं मूर्तियां, चांदी के सिक्के, दो लैपटॉप, दो कैमरे, हाथ घड़ियां, 50 किलोग्राम तांबे का तार और अन्य सामान सहित कुल लगभग 6.50 लाख रुपए का मशरुका जब्त किया गया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य अपराधों में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *