देवास में 69वीं राष्ट्रीय सॉफ्ट टेनिस शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के मैच आज (शुक्रवार) शुरू हो गए हैं। प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 14 दिसंबर तक होगा। प्रतियोगिता संयोजक सुदेश सांगते ने यह जानकारी दी। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 16 राज्यों की टीमों के लगभग 500 खिलाड़ी और ऑफिशियल हिस्सा ले रहे हैं। मैच स्पोर्ट्स पार्क टाटा चौराहा, पुलिस लाइन और पायोनियर पब्लिक स्कूल में खेले जा रहे हैं। आज हुए प्रारंभिक मैचों में अंडर-14 बालक वर्ग में सीबीएसई ने महाराष्ट्र को 3-1 से, पंजाब ने बिहार को 3-0 से, गुजरात ने जम्मू-कश्मीर को 3-1 से और मध्य प्रदेश ने तमिलनाडु को 3-1 से हराया। अंडर-14 बालिका वर्ग में पंजाब ने गुजरात को 3-0 से, मध्य प्रदेश ने छत्तीसगढ़ को 3-1 से, तमिलनाडु ने बिहार को 3-0 से और सीबीएसई ने आंध्र प्रदेश को 3-1 से पराजित किया। अंडर-17 बालक वर्ग में मध्य प्रदेश ने दिल्ली को 3-0 से, गुजरात ने पंजाब को 3-1 से, महाराष्ट्र ने सीबीएसई को 3-0 से और छत्तीसगढ़ ने तमिलनाडु को 3-1 से मात दी। अंडर-17 बालिका वर्ग में तमिलनाडु ने महाराष्ट्र को 3-1 से, सीबीएसई ने आंध्र प्रदेश को 3-1 से, पंजाब ने मध्य प्रदेश को 3-0 से और गुजरात ने छत्तीसगढ़ को 3-1 से हराया। अंडर-19 बालक वर्ग में मध्य प्रदेश ने तमिलनाडु को 3-0 से, महाराष्ट्र ने बिहार को 3-1 से, पंजाब ने गुजरात को 3-0 से और सीबीएसई ने दिल्ली को 3-0 से पराजित किया। इन मैचों को सफलतापूर्वक करवाने में गौरव कदम, प्रीति पवार, अभिषेक परिहार, मिथुन तिवारी, रमेश सिंह, प्रिंस कुमार, अमरेश और अन्य ऑफिशियल्स का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


