देवास में कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर परिवहन विभाग द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला परिवहन अधिकारी निशा चौहान के निर्देशन में आरटीओ जांच दल ने भौंरासा टोल प्लाजा पर कार्रवाई की। इस दौरान लंबी दूरी की स्लीपर बसों में यात्री सुरक्षा मानकों की जांच की गई। जांच दल प्रभारी मीनाक्षी गोखले के नेतृत्व में दल ने बसों में अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन दरवाजों के खुलने की स्थिति और स्लाइडर की जांच की। ड्राइवर तथा यात्रियों के बीच लगाए गए दरवाजों को तत्काल हटवाया गया। इसके अतिरिक्त, बसों में ओवरलोडिंग और आवश्यक दस्तावेजों की भी गहनता से जांच की गई। इस कार्रवाई में कुल 45 बसों की जांच की गई। इनमें से 12 बसों में विभिन्न सुरक्षा मानकों में कमी पाई गई, जिसके लिए 65 हजार रुपए का चालान किया गया। एक यात्री बस में टैक्स बकाया होने के कारण उसे जब्त कर 90 हजार रुपए का टैक्स वसूला गया। सभी बस चालकों को यात्री सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


