देवास विकास सलाहकार समिति की बैठक:प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा, गुणवत्ता और समय-सीमा में पूरे करने के दिए निर्देश

देवास में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा की अध्यक्षता में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने कहा कि इस समिति का मुख्य उद्देश्य जिले के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को मिलकर काम करना है। प्रभारी मंत्री देवड़ा ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि आम लोगों की छोटी-बड़ी हर समस्या को गंभीरता से सुना जाए और उसका समय पर समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि आवेदनों का निपटारा ऐसा हो कि नागरिक संतुष्ट होकर लौटें। बैठक में जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी काम गुणवत्तापूर्ण और तय समय सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। पीएमजीएसवाय के तहत बन रही सड़कों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि घटिया काम किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खराब काम करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और मौके पर जाकर निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने विधायकों के साथ मिलकर सड़कों का निरीक्षण कर कार्रवाई करने को कहा। प्रभारी मंत्री ने जिले में किए गए नवाचारों—देवास जॉब पोर्टल, किलकारी अभियान, बाल वाटिका और ऑपरेशन त्रिनेत्रम—की सराहना की और कहा कि ये पहलें दूसरे जिलों के लिए भी उदाहरण बन सकती हैं। बैठक में कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने पिछले दो वर्षों में हुए विकास कार्यों और आने वाले समय में प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, समिति के सदस्यों ने भी जिले के विकास को लेकर अपने सुझाव रखे। इस बैठक में देवास विधायक गायत्री राजे पवार, हाटपीपल्या विधायक मनोज चौधरी, खातेगांव विधायक आशीष शर्मा, बागली विधायक मुरली भंवरा, जिला पंचायत अध्यक्ष लीला अटारिया, महापौर गीता अग्रवाल, जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *