देवा पारदी केस में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज:पिछली हियरिंग में CBI को लगी थी फटकार; अब SI और TI गिरफ्त में

गुना के चर्चित देवा पारदी कस्टडी डेथ मामले में आज (बुधवार को) सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। यह सुनवाई मृतक की मां हंसुरा बाई द्वारा लगाई गई अवमानना याचिका पर हो रही है। पिछली सुनवाई में कोर्ट की फटकार और 8 अक्टूबर की डेडलाइन के बाद CBI दोनों मुख्य आरोपी पुलिसकर्मियों- TI संजीत मावई और SI उत्तम सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। आज सुनवाई में CBI कोर्ट को अपनी कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपेगी। शादी से एक दिन पहले पुलिस ने उठाया था
यह मामला 14 जुलाई 2024 का है। बीलाखेड़ी निवासी देवा पारदी (25) की अगले दिन बारात जानी थी। बारात निकलने से कुछ घंटे पहले ही म्याना थाना पुलिस उसे और उसके चाचा को एक चोरी के मामले में पूछताछ के लिए उसी ट्रैक्टर से ले गई, जिस पर बारात जानी थी। उसी शाम परिवार को अस्पताल से खबर मिली कि पुलिस कस्टडी में देवा की मौत हो गई है। चाची और मंगेतर ने की थी आत्मदाह की कोशिश
देवा की मौत की खबर के बाद पारदी समुदाय की महिलाएं अस्पताल पहुंच गईं और हंगामा कर दिया। महिलाओं का आरोप था कि पुलिस की मारपीट से देवा की मौत हुई। इस दौरान देवा की चाची और उसकी होने वाली दुल्हन ने पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश भी की थी। इसके बाद महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पर अर्धनग्न प्रदर्शन भी किया था। जब कोर्ट ने कहा- बर्खास्त क्यों नहीं कर देते?
इस मामले में देवा की मां ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई थी। कोर्ट के आदेश के बावजूद जब आरोपी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो उन्होंने अवमानना याचिका दायर की। इस याचिका पर 23, 25 और 26 सितंबर को सुनवाई हुई। 26 सितंबर को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने CBI और राज्य सरकार को फटकार लगाते हुए कहा था, “आप उन्हें (आरोपियों को) बर्खास्त क्यों नहीं कर देते? वे सामने आ जाएंगे। आप लिखित में दें कि आप उनका पता लगाने में असमर्थ हैं।” कोर्ट की फटकार के बाद एक-एक कर हुए गिरफ्तार
सुप्रीम कोर्ट की फटकार के अगले ही दिन SI उत्तम सिंह ने CBI कोर्ट में सरेंडर करने की कोशिश की, जहां CBI ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मुख्य आरोपी TI संजीत मावई को भी गुना पुलिस ने रविवार को शिवपुरी के बदरवास इलाके से गिरफ्तार कर CBI को सौंप दिया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *