धौलपुर पुलिस ने शुक्रवार को गुलाब बाग चौराहे पर बैंड वादन कार्यक्रम का आयोजन किया। यह आयोजन राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने और आगामी गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में किया गया। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के पर्यवेक्षण में कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान धौलपुर पुलिस बैंड ने देशभक्ति और मधुर गीतों की प्रस्तुतियां दीं। बैंड वादकों ने ‘वंदे मातरम्’ सहित अन्य देशभक्ति गीतों और प्रेरणादायक धुनों के माध्यम से मौजूद जनसमूह में राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया। अनुशासित और लयबद्ध प्रस्तुतियों ने माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। आकर्षक गणवेश में सजे पुलिस बैंड वादकों की सामूहिक प्रस्तुति प्रभावशाली रही। धुनों की गूंज के साथ चौराहे पर मौजूद लोगों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। नागरिकों ने अपने मोबाइल कैमरों में इन क्षणों को कैद किया और धौलपुर पुलिस की इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर पुलिस लाइन धौलपुर के एल.ओ. मोहन सिंह सहित पुलिस बैंड के अधिकारी और जवान उपस्थित रहे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय गौरव, एकता और अनुशासन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था।


